ठाकरे ब्रदर्स का माराठी राग रहा बेअसर, BMC में चुनकर आए 80 गैरमराठी पार्षद
मुंबई बीएमसी चुनाव में ठाकरे बंधुओं के ‘मराठी मानुष’ के मुद्दे के बावजूद, रिकॉर्ड 80 गैर-मराठी पार्षद चुने गए हैं। यह संख्या अब तक के चुनावों में सर्वाधिक है, जो मुंबई के बदलते सामाजिक समीकरण को दर्शाती है। भाजपा ने सर्वाधिक गैर-मराठी पार्षद जीते, जबकि कांग्रेस, एआईएमआईएम और सपा के भी कई गैर-मराठी प्रतिनिधि चुने गए। यह परिणाम मराठी केंद्रित राजनीति के लिए एक चुनौती है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका ( बीएमसी) चुनाव से पहले मुंबई के ठाकरे बंधुओं उद्धव और राज ठाकरे द्वारा मराठी मानुष मराठी भाषा और मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने का मुद्दा बनाने के बावजूद इस बार 227 सदस्यों वाली बीएमसी में रिकार्ड 80 गैरमराठी भाषी पार्षद चुनकर आए हैं।
यह संख्या अब तक के चुनावों में सबसे ज्यादा है।चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह के मीरा-भायंदर में दिए गए एक बयान को मुद्दा बनाकर ठाकरे बंधुओं ने यह प्रचारित कर भाजपा को बैकफुट पर लाने की कोशिश की कि भाजपा तो गैरमराठी व्यक्ति को मुंबई का मेयर बनाना चाहती है।
बीएमसी में रिकॉर्ड 80 गैर-मराठी पार्षद चुने गए
ऐसा प्रचारित करके ठाकरे बंधु मुंबई के मराठी भाषी मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करना चाहते थे लेकिन इसके विपरीत हुए ध्रुवीकरण के परिणामस्वरूप मुंबई में 80 गैरमराठीभाषी पार्षद चुनकर आ गए हैं। अब तक के चुनावों में यह संख्या सबसे अधिक है।
2017 में 72 गैरमराठीभाषी पार्षद चुनकर आए थे। इनमें भाजपा के पार्षदों की संख्या 36 थी। इस बार चुनकर आए गैरमराठी पार्षदों में भी सर्वाधिक भाजपा के ही हैं, जिनकी संख्या 38 हैं।
कांग्रेस के कुल चुने गए 24 पार्षदों में से 18 तो ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम के सभी आठ, और समाजवादी पार्टी के सभी दो पार्षद गैरमराठी हैं।
मराठी की ही राजनीति करने वाली उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के भी कुल 65 में से छह एवं राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कुल छह में से एक पार्षद गैरमराठी हैं। शिंदे गुट की शिवसेना के 29 में से तीन पार्षद गैरमराठी हैं।
ठाकरे बंधुओं की मराठी मानुष राजनीति बेअसर रही
बीएमसी के नए सदन में गैरमराठी पार्षदों की यह संख्या सदन की कुल संख्या की एक तिहाई से भी अधिक है। यह संख्या मुंबई के बदलते सामाजिक समीकरण को दिखाती है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला इतनी बड़ी संख्या में गैरमराठी पार्षदों के चुनकर आने को मुंबई की प्रकृति से जोड़कर देखते हैं। वह कहते हैं कि मुंबई सही मायनों में बहुभाषिक कास्मोपालिटन शहर है।
यहां सारे संप्रदायों, जातियों, नस्लों को जगह मिलती है। इसी आधार पर मुंबई महानगरपालिका में भी सभी को जनप्रतिनिधित्व मिलता आया है।
वह कहते हैं कि जिस मुंबई में फीरोजशाह मेहता जैसा महापौर हुआ हो, जिनके पूर्वज ईरान से आकर यहां बसे थे, ऐसे महानगर में भाषावाद के नाम पर वैमनस्य की राजनीति करके कोई सफल नहीं हो सकता।
भाजपा ने सर्वाधिक गैर-मराठी पार्षदों को जीत दिलाई
बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी होने का गौरव रखने वाली मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने का भय उद्धव और राज ठाकरे बार-बार दिखाते रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यह कहकर इसका जवाब देते रहे हैं कि मुंबई को किसी के बाप का बाप का बाप भी महाराष्ट्र से अलग नहीं कर सकता।
भाजपा को मिली 89 सीटों में चुनकर आए उसके 51 मराठी पार्षद भी फडणवीस के इस दावे को सही ठहराते हैं कि मराठीभाषी मतदाताओं पर सिर्फ शिवसेना (यूबीटी) और मनसे का ही अधिकार नहीं है।













