विज्ञापन दें / सहयोग करें

नव ऊर्जा और नए संकल्प का संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी नवरात्रि, नववर्ष और गुड़ी पड़वा की शुभकामनाएं

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चैत्र नवरात्रि, हिंदू नववर्ष (नव संवत्सर) और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि चैत्र मास के प्रथम दिन से प्रारंभ होने वाला हिंदू नववर्ष नव ऊर्जा, नव संकल्प और नव चेतना का प्रतीक है। इसी दिन से शक्ति उपासना के महापर्व चैत्र नवरात्रि की शुरुआत होती है, जिसे देशभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि गुड़ी पड़वा विशेष रूप से महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में नववर्ष के स्वागत का प्रमुख पर्व है, जो आशा, उत्साह और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नई शुरुआत का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध देवी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी, मां महामाया, मां कंकाली, मां बिलईमाता और मां चंद्रहासिनी जैसे विभिन्न स्वरूपों में आस्था और संस्कृति गहराई से जुड़ी हुई है। यह आध्यात्मिक विरासत प्रदेश की पहचान को सशक्त बनाती है।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान छत्तीसगढ़ की धरती भक्ति, साधना और शक्ति आराधना से आलोकित हो उठती है। देवी उपासना न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है, बल्कि सामाजिक समरसता, सकारात्मक सोच और आंतरिक चेतना को भी प्रोत्साहित करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास और विश्वास के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button