मौसम बदला, सेहत बिगड़ी, सुबह-शाम की ठंड और दिन की धूप में कैसे रखें खुद को सुरक्षित
Changing Weather : बेतिया में मौसम में बदलाव के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। सुबह-शाम की ठंड और दिन की तेज धूप से लोग बीमार पड़ रहे हैं। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सर्दी, खांसी, जुकाम, वायरल फीवर और फ्लू के मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका अधिक असर दिख रहा है, जिससे अस्पताल में भीड़ बढ़ गई है और डॉक्टरों पर काम का बोझ बढ़ गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सुबह और शाम की ठंड तथा दिन में कड़ाके की धूप वाले मौसम का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
ओपीडी में सर्दी-खांसी, जुकाम, वायरल फीवर और फ्लू से पीड़ित मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग इस मौसम में ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। 500 बेड के जीएमसीएच में मरीजों को भर्ती करने के लिए जगह कम पड़ रही है।
चिकित्सकों के अनुसार ठंडी हवा और तेज धूप के बीच शरीर को तालमेल बिठाने में परेशानी होती है, जिससे इम्युनिटी कमजोर पड़ जाती है। इसका परिणाम यह है कि गले में खराश, टॉन्सिल, सिरदर्द और बुखार की शिकायत आम हो गई है। अस्पतालों में एलर्जी और अस्थमा के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी है। धूल-मिट्टी और परागकण के साथ ठंडी हवा सांस संबंधी रोगियों की परेशानी बढ़ा रही है।
चक्कर और डिहाइड्रेशन के मामले अधिक
दिन में तेज धूप के कारण डिहाइड्रेशन, थकान, चक्कर और कमजोरी के मामले भी सामने आ रहे हैं। कई मरीज त्वचा से जुड़ी समस्याओं जैसे खुजली, रूखापन और जलन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं ब्लड प्रेशर और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि तापमान में बदलाव से उनकी परेशानी बढ़ सकती है। खासकर बच्चे और बुजुर्गों में यह समस्या अधिक है।
ओपीडी और वार्ड में बढ़ी मरीजों की संख्या
अस्पताल के ओपीडी में पिछले एक सप्ताह से सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार लग जा रही है। कई वार्डों में बेड फुल होने की स्थिति है, जिससे कुछ मरीजों को इमरजेंसी या अन्य विभागों में एडजस्ट करना पड़ रहा है। इमरजेंसी में भी सांस लेने में दिक्कत, तेज बुखार और गंभीर हालत वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अस्पताल में दवाओं की खपत भी बढ़ गई है। पैथोलॉजी और एक्स-रे जैसी जांच सेवाओं पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ की लगी अतिरिक्त ड्यूटी
500 बेड के अस्पताल में जिले के साथ-साथ आसपास के प्रखंडों से भी मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में सीमित संसाधन और स्टाफ के बीच बेहतर इलाज मुहैया कराना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को अतिरिक्त ड्यूटी करनी पड़ रही है, ताकि मरीजों की देखभाल में कोई कमी न रहे। मरीज बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त वार्ड में मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा है।
मौसम को देखते हुए सतर्क रहे लोग
अस्पताल अधीक्षक डॉ सुधा भारती ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए सतर्क रहें। ठंड से बचाव करें, गर्म कपड़े पहनें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।













