बस दुर्घटना अपडेट: 5 लोगों की मौत, 20 से अधिक लोग घायल, मुख्यमंत्री ने घायलों के इलाज के लिए हर संभव सहायता देने के दिए निर्देश।
जशपुर, 6 मार्च 2026। दुलदुला विकासखंड के पास ग्राम गोडअंबा में एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना सामने आई है। इस हादसे में कई यात्री घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को घायलों को हर संभव सहायता और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी और होली क्रॉस अस्पताल कुनकुरी में किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा स्थानीय प्रशासन भी राहत कार्य में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है।
गंभीर रूप से घायल 3 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है।











