महिला आरक्षण बिल पर सुखदेव भगत ने उठाए गंभीर सवाल, बोले- सरकार कुछ छिपा रही
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। भगत ने दोनों नेताओं को ‘जुमलों का बाजीगर’ बताते हुए मतदाताओं से आगामी चुनावों में साय सरकार को ‘टाटा बाय-बाय’ करने की अपील की। उन्होंने भिलाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
भगत ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भी केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने एक गाने का जिक्र करते हुए कहा, “घूंघट की आड़ में…”। उन्होंने पूछा कि ऐसी कौन सी आवश्यकता आन पड़ी है कि महिला आरक्षण बिल को परिसीमन की आड़ में लाया जा रहा है? उन्होंने आशंका जताई कि क्या सरकार लोगों से कुछ छिपाना चाहती है। भगत ने आरोप लगाया कि यह एक डरी हुई और कायर सरकार है जो छिप-छिपकर काम करना चाहती है और हड़बड़ी में बिल ला रही है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के छत्तीसगढ़ प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर शुक्रवार को दुर्ग जिले पहुंचे थे। यहां ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भिलाई के सेक्टर-4 स्थित एक निजी भवन में भिलाई, चरोदा और रिसाली क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
इस बैठक में प्रदेश के 17 नगर निगमों के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, स्थानीय विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सुखदेव भगत ने कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और मौजूदा सरकार गहरी नींद में सो रही है। बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं कार चलाकर सुखदेव भगत को स्टेशन छोड़ने गए, जिसमें भगत बगल की सीट पर बैठे दिखे और अन्य बड़े नेता उनके पीछे-पीछे चल रहे थे।
सरगुजा संभाग के अपने दौरे का जिक्र करते हुए सुखदेव भगत ने बताया कि जब वे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मुख्यमंत्री के क्षेत्र में गए, तो वहां हर तरफ अव्यवस्था और भ्रष्टाचार नजर आया। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, बिजली, किसान और युवा, हर मोर्चे पर सरकार पूरी तरह विफल है। भगत ने यह भी बताया कि संविधान दिवस पर हर साल युवाओं के लिए नौकरी की वैकेंसी निकलती थी, लेकिन इस बार वह भी नहीं निकली।
भगत ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी चुनावों के लिए रणनीति पर बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तीन मैच खेलने हैं: आगामी चुनाव सेमीफाइनल है, इसके बाद 2028 में विधानसभा का फाइनल और 2029 में लोकसभा का मेगा फाइनल खेलना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि जिस तरह मोदी जुमलों के बाजीगर हैं, उनके चेले साय भी जुमलों के बाजीगर हैं, इसलिए अब विष्णुदेव साय को टाटा बाय-बाय करने का वादा करें।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार की योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाते हुए सुखदेव भगत ने भाजपा पर केवल बड़े-बड़े विज्ञापन और होर्डिंग लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मतलब जमीन पर दिखने वाला विकास है। भाजपा के कुछ नेताओं के पैसे वाले होने के बयान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता पसीना बहाकर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और देवेंद्र यादव जैसे दिग्गज नेताओं की मजबूत फौज है, जो गुरु द्रोण, भीष्म पितामह, कृष्ण और अर्जुन के समान हैं, और इस बार वे चक्रव्यूह को जरूर तोड़ेंगे।
मीडिया से चर्चा के दौरान सुखदेव भगत ने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन के मुद्दे पर अपनी बात दोहराई। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के दिन भी सरकार ने सूचना के अधिकार (RTI) की अवहेलना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुमत का मतलब अहंकार नहीं होता और संघीय ढांचा, जनसंख्या और प्रतिनिधित्व जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा होनी चाहिए, लेकिन सरकार इन पर हड़बड़ी में काम कर रही है।










