सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अमित पाण्डेय पर कुनकुरी थाने में FIR, पूर्व विधायक यूडी मिंज की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
जशपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर कथित तौर पर आपत्तिजनक, भड़काऊ और साम्प्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट किए जाने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने अम्बिकापुर निवासी अमित कुमार पाण्डेय के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर के अध्यक्ष उत्तमदान (यूडी) मिंज की शिकायत के आधार पर की गई है।
पुलिस के अनुसार यूडी मिंज ने 17 जून 2026 को कुनकुरी थाने में शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया था कि अमित पाण्डेय अपने फेसबुक प्रोफाइल के माध्यम से उनके साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और एक धार्मिक समुदाय विशेष को लेकर लगातार आपत्तिजनक एवं कथित रूप से भड़काऊ सामग्री पोस्ट कर रहे हैं। शिकायत में कई फेसबुक पोस्ट, वीडियो, स्क्रीनशॉट और URL भी संलग्न किए गए थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ पोस्ट में यूडी मिंज पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों और कथित घटनाओं के लिए जिम्मेदार बताया गया, जबकि कुछ पोस्ट में धार्मिक एवं सामुदायिक संदर्भों का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट से विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
पुलिस की जांच के दौरान शिकायतकर्ता यूडी मिंज, गवाह सरवर अली उर्फ पिंटू तथा संबंधित पक्ष से पूछताछ कर उनके कथन दर्ज किए गए। शिकायत आवेदन और उपलब्ध सामग्री के परीक्षण के बाद पुलिस ने अमित कुमार पाण्डेय के खिलाफ प्रथम दृष्टया अपराध बनना पाए जाने पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 197(1), 353(1), 196(2) के साथ धारा 61(2) तथा 45/49 के तहत कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, फेसबुक अकाउंट, संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी जानकारी को सुरक्षित रखने तथा मामले के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका होने की स्थिति में उसकी भी जांच करने की मांग की है।
पहले भी विवादों में रहा है नाम
अमित पाण्डेय को लेकर इससे पहले भी पत्थलगांव थाना क्षेत्र में अग्रवाल समाज के लोगों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि सोशल मीडिया पर लगातार विवादित एवं भड़काऊ पोस्ट किए जाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। हालांकि, इस पुराने विवाद की वर्तमान FIR से स्वतंत्र रूप से जांच और उसके तथ्यों की पुष्टि संबंधित रिकॉर्ड से ही स्पष्ट होगी।
वहीं, शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि अमित पाण्डेय द्वारा बिना पर्याप्त प्रमाण के मुख्यमंत्री सहित जिले के विभिन्न राजनीतिक नेताओं और विपक्षी नेताओं को लेकर गंभीर आरोप सोशल मीडिया पर लगाए जाते रहे हैं। ताजा मामले में पुलिस ने उपलब्ध शिकायत और जांच के आधार पर FIR दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।













