जशपुर: बेहोश मिली लड़की को दो दिन बाद भी नहीं आया होश, मां की आस कायम
जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के सरस बहार मोड़ के पास बेहोशी की हालत में मिली प्रतीक्षा एक्का नाम की लड़की का अब तक होश नहीं लौटा है। जिला अस्पताल के बेड पर सोई प्रतीक्षा की मां लगातार इस उम्मीद में खड़ी हैं कि उनकी बेटी उठेगी और “मां” पुकारेगी, लेकिन बीते दो दिनों से प्रतीक्षा न कुछ बोल पा रही है और न ही होश में आ रही है।
शनिवार को सरस बहार मोड़ के पास प्रतीक्षा बेहोशी की हालत में मिली थी। प्राथमिक इलाज के लिए उसे दुलदुला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रविवार शाम तक भी उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
रविवार की शाम 6 बजे मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रतीक्षा की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, घटना को लेकर दुलदुला थाना पुलिस जांच में जुट गई है, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि प्रतीक्षा इस हालत में कैसे पहुंची।
परिजन और ग्रामीण इस घटना से सदमे में हैं और प्रतीक्षा के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।











