पीएम मोदी ने आदिवासी समाज को नई पहचान दी, द्रौपदी मुर्मू और विष्णुदेव साय का जिक्र: ओपी चौधरी

जशपुरनगर, 19 नवंबर 2026 को सरना एथेनिक रिजॉर्ट बालछापार में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय अस्मिता के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। इस समारोह में वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी और समाज के उत्थान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय महानायकों को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय सैनिक के परिजनों, विभिन्न आदिवासी समाजों के प्रमुखों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही, क्रिकेट में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित जशपुर की बेटियों को भी सम्मानित किया गया और सांस्कृतिक दलों को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और महानायकों को देशभर में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने जोर दिया कि आज यह दिवस केवल आदिवासी समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के सभी वर्गों के लोग इसे उत्साह और सम्मान के साथ मना रहे हैं। चौधरी ने यह भी कहा कि जनजातीय समाज के महानायकों ने देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।
चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए बताया कि आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में आसीन हुईं। वहीं, आदिवासी समाज के बेटे विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाकर एक ऐतिहासिक अवसर दिया गया। उन्होंने इसे पूरे जशपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात बताया कि आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर की माटी से आते हैं। चौधरी ने मुख्यमंत्री साय के सहज, सरल और सज्जन व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व किया है और प्रधानमंत्री मोदी ने उन पर विश्वास जताते हुए प्रदेश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
वित्त मंत्री चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में हो रहे विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों का निर्माण तेजी से हो रहा है और भारतमाला परियोजना का कार्य भी प्रगति पर है। जशपुर अंचल में रेल लाइन का सपना भी अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जशपुर में नालंदा परिसर और वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में एनटीपीसी के सीएसआर मद से आधुनिक अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों से जशपुर अंचल की तस्वीर बदल रही है।
युवाओं की शिक्षा और भविष्य पर जोर देते हुए चौधरी ने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में प्रयास विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को आईआईटी, मेडिकल, सीए और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश की तैयारी निःशुल्क कराई जा रही है। जशपुर में स्थापित हो रहा नालंदा परिसर भी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय अध्ययन का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि जनजातीय विभाग के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए लगभग 3.5 से 4 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
अपने जीवन का उदाहरण देते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि वे एक छोटे से गांव से निकलकर 22 वर्ष की उम्र में आईएएस बने। उन्होंने कहा कि जब चौथी कक्षा तक पढ़ी मां अपने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचा सकती हैं, तो जशपुर के बच्चे भी कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर और इंजीनियर क्यों नहीं बन सकते। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे भी अपने सपनों को साकार कर सकें।











