विज्ञापन दें / सहयोग करें

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जशपुर में कलाकारों को दिए 10-10 हजार, महिला क्रिकेटरों को भी सराहा

जशपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जनजातीय समाज की सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए समाज को आगे बढ़ाने को हम सभी की जिम्मेदारी बताया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों की आकर्षक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रत्येक दल को 10-10 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि प्रदान करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने कुरुख बोली में गीत के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू मुर्मू, तिलका मांझी, वीर बुधु भगत और शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक जनजातीय महानायकों के बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के कृतित्व, व्यक्तित्व, जीवन संघर्ष और देश एवं समाज के प्रति उनके योगदान को भी याद किया। इसके अतिरिक्त, रायमुनी भगत ने कुरुख बोली में ही गीत के माध्यम से जिले में धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना की स्वीकृति और रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत सड़क निर्माण सहित क्षेत्र में हो रही विकास की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बेसरा ने भी भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके जीवन संघर्ष, व्यक्तित्व और देश एवं समाज के प्रति योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पहाड़ी कोरवा जनजाति के लोगों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली जशपुर जिले की बेटियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इन बेटियों का चयन अंडर-17 और अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में हुआ है।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने मुद्रा लोन योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को ऋण के प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए। श्रीमती शकुंतला सिंह को एक लाख रुपये तथा श्रीमती सुमित्रा बेसरा और श्रीमती बंधनी बाई को व्यवसाय शुरू करने के लिए दो-दो लाख रुपये के ऋण के चेक दिए गए।

कार्यक्रम में पद्म श्री सम्मानित जागेश्वर यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, राम गर्ग, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, भरत सिंह, कृष्ण कुमार राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुख, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button