विज्ञापन दें / सहयोग करें

‘पूरा गांव जानता है हम सिगरेट पीते हैं’: कोरबा में स्कूल से भागकर नशा करते छात्रों का वीडियो वायरल

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली ब्लॉक स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा में स्कूली बच्चों द्वारा नशा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में कक्षा 9वीं की दो छात्राएं शराब पीने के बाद सिगरेट पीती और गाली-गलौज करती नजर आ रही हैं। वहीं, स्कूल यूनिफॉर्म में पांच छात्र गांजा पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना स्कूल समय के दौरान हुई, जब बच्चे पढ़ाई छोड़कर बाहर चले गए थे।

वायरल वीडियो में, जो बच्चों ने खुद बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, एक छात्रा यह कहते हुए सुनी जा सकती है, “हेलो गाइज, हम स्कूल से भागकर आ गए हैं। मेरी साथी ने ज्यादा नशा किया है, मैंने थोड़ा कम नशा किया है। पूरा गांव और स्कूल जानता है कि हम सिगरेट पीते हैं। ” यह बयान बच्चों के बीच नशे की प्रवृत्ति और उसकी सार्वजनिक जानकारी को दर्शाता है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 14 नवंबर की है। इस दिन सभी बच्चे स्कूल समय में अपनी कक्षाओं से बाहर निकल गए थे। इसी दौरान दो छात्राएं शराब पीने के बाद सिगरेट का सेवन करती दिखीं, जबकि अन्य कक्षाओं के पांच छात्र स्कूल ड्रेस में गांजा पीते हुए कैमरे में कैद हुए। सभी बच्चे आसपास के गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई की। प्रिंसिपल बलभद्र सिंह ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित बच्चों के अभिभावकों की एक बैठक बुलाई। बैठक में प्रिंसिपल ने अभिभावकों को पूरी घटना की जानकारी दी और बच्चों के इस आचरण पर चिंता व्यक्त की।

बैठक के बाद, नशा करते हुए दिखे दो छात्राओं और पांच छात्रों को स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने के लिए नोटिस जारी किया गया। प्रिंसिपल बलभद्र सिंह ने इस पूरे मामले की जानकारी एक पत्र के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी को भी दी है। हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार फोन करने पर भी उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

इस घटना से अभिभावकों में गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ स्कूल के बाहर भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना आवश्यक है। अभिभावकों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर से जिला शिक्षा अधिकारी पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। फिलहाल, स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button