युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर की वृृद्धा की हत्या: बड़ी मां बन रही थी प्रेम संबंध में रोड़ा, CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज – Ambikapur (Surguja) News
सरगुजा के ग्राम बेलदगी में वृद्धा की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतका की भतीजी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। दोनों ने प्रेम संबंध में बाधा बनने पर वृद्धा को मार डाला। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर देर रात युवती व उसका प्रेमी घर से बाहर निकलते हुए देखे गए। पुलिस पूछताछ में दोनों ने गुनाह कबूल कर लिया है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 01 जून की सुबह बेलदगी निवासी बुजुर्ग महिला लक्ष्मी लकड़ा (65) का खून से लथपथ शव घर में पड़ा मिला था। लक्ष्मी लकड़ा अपने पति बैजनाथ के साथ रहती थी। किसी काम से बैजनाथ लकड़ा कहीं गए हुए थे। दोनों ने सहयोग के लिए रानी कछार निवासी भतीजी तेरेसा एक्का को घर में रखा गया था। भतीजी ने दी मौत की सूचना, स्वयं निकली कातिल
लक्ष्मी लकड़ा के घर में मृत हालत में पड़े होने की सूचना तेरेसा एक्का ने परिजनों को दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव का निरीक्षण किया। मृतका लक्ष्मी लकड़ा के गले, चेहरे और कपनटी के साथ हाथ में चोट के निशान मिले। पोस्टमॉर्टम में लक्ष्मी लकड़ा की मौत चोट के कारण होना बताया गया। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज किया और जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो पता चला कि घटना की रात तेरेसा एक्का एक युवक के साथ घर से निकली और बाइक में बैठकर कहीं चली गई थी। पुलिस ने तेरेसा एक्का से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपने प्रेमी आशीष कुमार गुप्ता के साथ मिलकर लक्ष्मी लकड़ा की हत्या करना स्वीकार किया। प्रेम संबंध में बाधा बनने पर मार डाला, दोनों गिरफ्तार
पूछताछ में तेरेसा एक्का ने बताया कि घटना की रात लक्ष्मी लकड़ा के साथ वह घर में मौजूद थी। उसका प्रेमी आशीष कुमार गुप्ता उससे मिलने आया था। लक्ष्मी लकड़ा ने दोनों को साथ देख लिया और डांटा। इससे आक्रोशित होकर आशीष कुमार गुप्ता ने उसका सिर दीवार से टकरा दिया। लक्ष्मी लकड़ा के साथ आशीष व तेरेसा ने मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों बाइक से भाग निकले और रात भर बाहर रहे। सुबह तेरेसा वापस घर पहुंची और लक्ष्मी लकड़ा की मौत की सूचना परिजनों को दी। लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (30 वर्ष), निवासी लखनपुर और तेरेसा एक्का (20 वर्ष), को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
<










