डोड़की नदी पर 120 मीटर पुल से 7, 471 ग्रामीणों को राहत, बारिश में नहीं कटेगा 10 गांवों का संपर्क

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुरनगर के कुनकुरी विकासखंड में नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी पर नवनिर्मित उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित यह 120 मीटर लंबा पुल ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र के 10 गांवों के 7,471 ग्रामीणों को सीधे आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए भी यात्रा की दूरी कम होगी और वर्षों पुरानी परेशानी से राहत मिलेगी।
डोड़की नदी पर इस पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है। विशेषकर बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों को नदी पार करने में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी और कई बार जरूरी कामों के लिए उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। अब इस पुल के शुरू होने से बारिश के मौसम में भी आवागमन सुगम रहेगा और ग्रामीणों को सालभर बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। यह पुल न केवल आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा।
रजौटी के पास डोड़की नदी पर बने इस पुल से कलीबा, गोरिया, चराईखारा, जोकबहला, बेहराखार, पकरीकछार सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। इन गांवों के लोगों के लिए नारायणपुर थाना, वन कार्यालय, बैंक, बिजली उपकेंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना अब पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा। बरसात के दौरान नदी में पानी बढ़ने से इन क्षेत्रों का संपर्क टूट जाता था, जिससे आवश्यक कार्यों के लिए ग्रामीणों को भारी असुविधा होती थी।
डोड़की नदी पर पुल निर्माण का लाभ केवल निकटवर्ती गांवों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे एक बड़े ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। नारायणपुर, रानीकोम्बो, मटासी, बरडाँड़, दाराखरिका तथा बगीचा विकासखंड के बच्छरांव और गायलूंगा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को अब बंदरचुंवा, फरसाबहार, बागबहार, बगिया और दोकड़ा जाने के लिए कुनकुरी होकर लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा। इससे ग्रामीणों के समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी, साथ ही बाजार, सरकारी कार्यालयों और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंच आसान होगी।
इस पुल के शुरू होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में विशेष सुविधा मिलेगी। पहले बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से बच्चों का रास्ता बाधित हो जाता था, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी। अब पुल बनने से बच्चे बारिश के मौसम में भी आसानी से स्कूल पहुंच सकेंगे और उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सकेगी। इसी प्रकार, मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी आसान होगी, जिससे जरूरत के समय लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
बेहतर आवागमन सुविधा का सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को भी मिलेगा। किसान अपनी कृषि उपज को बाजार एवं खरीदी केंद्रों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिल सकेगा। खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री के परिवहन में लगने वाले समय और संसाधनों की भी बचत होगी। वहीं, व्यापारियों को भी विभिन्न गांवों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। पुल के बनने से क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसर भी सृजित होने की संभावना है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह नवनिर्मित पुल केवल आवागमन की सुविधा प्रदान नहीं करेगा, बल्कि यह क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति देगा। यह ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।











