विज्ञापन दें / सहयोग करें

सक्ती में सरकारी जमीन हड़पकर 60 लाख का बोनस, पटवारी समेत राजस्व अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप

सक्ती जिले के झालरौंदा गांव में लगभग 400 एकड़ सरकारी जमीन को निजी व्यक्तियों के नाम पर अवैध रूप से दर्ज कराने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस गंभीर आरोप के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि इस फर्जीवाड़े के जरिए न केवल सरकारी जमीन हड़पी गई, बल्कि फर्जी किसान पंजीयन तैयार कर धान बेचा गया, 60 लाख रुपए से अधिक का बोनस लिया गया और बैंकों से कृषि ऋण भी प्राप्त किए गए।

इस पूरे मामले का खुलासा पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने किया है, जिन्होंने सक्ती कलेक्टर जयश्री जैन से शिकायत कर जमीन के रिकॉर्ड में हुई कथित गड़बड़ी, फर्जी किसान पंजीयन और धान खरीदी की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। अपनी शिकायत में रमेश चंद्रा ने तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार सहित राजस्व विभाग के कई अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं और उनकी मिलीभगत की आशंका जताई है।

रमेश चंद्रा के अनुसार, झालरौंदा में पदस्थ रहे पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार के कार्यकाल के दौरान बड़ी संख्या में सरकारी जमीन को अलग-अलग निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किया गया। आरोप है कि इस अवैध कार्य के लिए प्रति एकड़ लगभग 50 हजार रुपए तक का लेन-देन हुआ। जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर कर फर्जी किसान पंजीयन और धान खरीदी की पर्चियां तैयार की गईं। शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि इन्हीं फर्जी पर्चियों के आधार पर सेवा सहकारी समिति में धान की बिक्री की गई, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया गया और बैंकों से कृषि ऋण भी प्राप्त किए गए। शिकायतकर्ता ने इस पूरे षड्यंत्र में पटवारी के साथ-साथ तहसील स्तर के अधिकारियों की भी मिलीभगत की आशंका व्यक्त की है।

शिकायत में कुछ परिवारों के सदस्यों के नाम पर बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन दर्ज होने का भी दावा किया गया है। रमेश चंद्रा ने दीपक चौहान, घसिया राम कुर्रे और राकेश जैसे नामों का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए इन सभी की गहन जांच की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, अकेले दीपक चौहान के परिवार के सदस्यों के नाम पर ही 30 एकड़ से अधिक जमीन दर्ज है। इसमें अनिता चौहान के नाम 0.83 हेक्टेयर, दीपक कुमार चौहान के नाम 3.905 हेक्टेयर, दीपिका चौहान के नाम 1.368 हेक्टेयर, दुजराम चौहान के नाम 1.444 हेक्टेयर, विमला बाई के नाम 4.507 हेक्टेयर और राजू प्रसाद चौहान के नाम 5.574 हेक्टेयर जमीन दर्ज होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने इन सभी जमीनों के राजस्व रिकॉर्ड की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

इस मामले में दो मीडियाकर्मियों के नाम पर भी झालरौंदा में जमीन दर्ज होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, एक मीडियाकर्मी के नाम पर दर्ज जमीन का रकबा पिछले साल 3.108 हेक्टेयर था, जो इस साल बढ़कर 6.271 हेक्टेयर हो गया है। वहीं, हसौद निवासी एक अन्य मीडियाकर्मी के नाम पर भी गांव में जमीन दर्ज होने का दावा किया गया है। शिकायत में खसरा नंबर 869/1 में 1.0240 हेक्टेयर, 933/4 में 0.4010 हेक्टेयर, 559/6 में 0.6070 हेक्टेयर और 559/17 में 0.6070 हेक्टेयर जमीन दर्ज होने का उल्लेख है, जिसका कुल रकबा 2.8390 हेक्टेयर बताया गया है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि झालरौंदा से लगभग 35 किलोमीटर दूर रहने वाले व्यक्ति के नाम पर गांव में जमीन किस आधार पर दर्ज की गई। हालांकि, इन सभी दावों की पुष्टि राजस्व रिकॉर्ड की विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी।

रमेश चंद्रा ने आरोप लगाया है कि जमीन रिकॉर्ड में यह गड़बड़ी केवल झालरौंदा गांव तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने पटवारी के प्रभार वाले बर्रा, बिछिया, आमापाली, हरदी और भोथिया सहित अन्य गांवों में भी इसी तरह की अनियमितताएं होने की आशंका जताई है। उन्होंने इन सभी गांवों के राजस्व रिकॉर्ड और किसान पंजीयन की भी व्यापक जांच कराने की मांग की है, ताकि पूरे क्षेत्र में फैले इस कथित फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हो सके।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि पिछले साल संदिग्ध किसानों को 60 लाख रुपए से अधिक का बोनस भुगतान किया गया था। वहीं, इस साल यह राशि 60 लाख रुपए से बढ़कर एक करोड़ रुपए तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। उन्होंने मांग की है कि जांच पूरी होने तक संदिग्ध किसान पंजीयन के आधार पर धान खरीदी और किसान उन्नति योजना की राशि के भुगतान पर नियमानुसार रोक लगाने पर विचार किया जाए। साथ ही, पिछले साल गलत तरीके से बोनस लेने वालों की जांच कर अपात्र पाए जाने पर उनसे राशि वापस ली जाए।

रमेश चंद्रा ने इस पूरे मामले की जांच किसी भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी या एक उच्चस्तरीय टीम से कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। शिकायतकर्ता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि उन्होंने करोड़ों रुपए के नुकसान से जुड़े इस बड़े मामले को उजागर किया है, ऐसे में इस गड़बड़ी से जुड़े लोगों से उन्हें जान-माल का खतरा हो सकता है। उन्होंने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका भी व्यक्त की है।

इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, कलेक्टर जयश्री जैन ने बताया कि जिला स्तर पर डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में अधीक्षक भू-अभिलेख सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है। जांच टीम को मौके पर जाकर जमीन से जुड़े सभी दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए संबंधित विभागों को नोटिस भी जारी कर दिया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जांच में सरकारी जमीन को निजी नाम पर दर्ज कराने या किसी भी अन्य प्रकार की गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो पटवारी सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button