महादेव सट्टा केस: 15 करोड़ की डील के आरोप पर हिमांशु शेखर का इनकार, ED के सबूतों पर उठाए सवाल
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने हिमांशु को 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की 28 नवंबर तक मिली कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी ने उससे आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी थी, बल्कि 14 दिन की न्यायिक रिमांड की मांग की थी।
हिमांशु शेखर पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा करवाने के लिए 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। हालांकि, हिमांशु ने ईडी के इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ चंद्राकर से कोई पैसा नहीं लिया है और ईडी के पास इस लेन-देन का कोई ठोस सबूत भी नहीं है। पूछताछ के दौरान उसने एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं।
हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में बचाव पक्ष रखते हुए कहा कि 15 करोड़ रुपये लेने के आरोप का समर्थन करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या अन्य ठोस सबूत उपलब्ध नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है।
कोर्ट में पेशी के दौरान हिमांशु शेखर ने अपनी जान को खतरा बताया। उसने जेल में सुरक्षा देने के लिए कोर्ट में एक आवेदन भी प्रस्तुत किया। इस पर कोर्ट ने जेलर को जेल के नियमों के मुताबिक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद हिमांशु को न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
ईडी के अनुसार, हिमांशु पर आरोप है कि उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लिए थे। इसके लिए उसने जज और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था। ईडी इस कथित लेन-देन के साथ-साथ हिमांशु और सौरभ के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी गहन जांच कर रही है। ईडी को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद एजेंसी ने उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोका और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया। बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ईडी ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ शुरू की थी।
हिमांशु शेखर एक उद्यमी, वकील, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक हैं। उसने अपनी पुरानी साझेदार मनप्रीत कौर के साथ पहले कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में काम किया और फिर म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। OSM Records के अलावा वह Yesya Media Pvt. Ltd. से भी जुड़ा रहा है। ईडी के आवेदन में दर्ज जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक Yesya Media Pvt. Ltd. में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी के वित्तीय विवरणों के मुताबिक, उसका राजस्व साल 2022-23 में 52.66 लाख रुपये था, जो साल 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। ईडी ने इसी अवधि को महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित तौर पर रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है।
ईडी ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। 19 नवंबर तक चली पूछताछ में सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि अपना केस रफा-दफा कराने के लिए उसने हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया था, जहां उसकी सौरभ से मुलाकात हुई थी। सौरभ के बयान के मुताबिक, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में बड़ी रकम ली थी। उसने कथित तौर पर कहा था कि यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
सौरभ ने दावा किया कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद दी गई थी, जबकि कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई। ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। अर्जी के मुताबिक, पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे नोट मिले। इनमें “Mumbai Hawala Raju Bhai”, “Wasem” और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से जुड़े उल्लेख हैं। एक दूसरे नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपये के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपये देने का हिसाब लिखा होने की बात कही गई है। इसके साथ “7 months plan” भी लिखा है। ईडी इन नोट्स में दर्ज राजू या राजू भाई की पहचान और कथित हवाला नेटवर्क का पता लगाना चाहती है।
ईडी ने कोर्ट को बताया कि हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं। ईडी के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी के 75 प्रतिशत शेयर थे। कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन भी लिया। ईडी ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 में 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपये जमा होने वाले मैसेज का भी उल्लेख किया है। 9 नवंबर को उसके आईसीआईसीआई खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपये बैलेंस होने की बात अर्जी में कही गई है। एजेंसी इन रकमों का स्रोत जानना चाहती है।
ईडी की पूछताछ में हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। उसने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताया और कहा कि वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपये और प्रमोटरों से 40 लाख रुपये बैंक खाते के जरिए मिले थे। ईडी के मुताबिक, उसने 15 करोड़ रुपये और नकद किस्तों के आरोपों का कोई संतोषजनक हिसाब नहीं दिया है।









