विज्ञापन दें / सहयोग करें

सिम्म करेगा एनटीपीसी सीपत के ग्रामीणों का स्वास्थ्य अध्ययन: कोयला आधारित ऊर्जा उत्पादन के पर्यावरणीय प्रभावों की होगी पड़ताल – Bilaspur (Chhattisgarh) News

छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर एनटीपीसी सीपत के 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीणों के स्वास्थ्य का अध्ययन करेगा। यह अध्ययन कोयला आधारित ऊर्जा उत्पादन के पर्यावरणीय प्रभावों और क्षेत्र में रोगों के प्रचलन से संबंधित होगा।

.

सिम्स प्रबंधन के अनुसार, यह एक महत्वपूर्ण महामारी विज्ञान (एपिडिमियोलॉजिकल) अध्ययन है, जिसका उद्देश्य सीपत क्षेत्र के ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्थिति का वैज्ञानिक मूल्यांकन करना है। इस रिसर्च पर लगभग 9 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

एनटीपीसी सीपत बिलासपुर जिले का एक प्रमुख कोयला आधारित ताप विद्युत संयंत्र है। इसकी तीन इकाइयों की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता लगभग 2080 मेगावाट है। संयंत्र प्रतिदिन लगभग 42,000 मीट्रिक टन कोयले का उपयोग करता है।

कोयला खनन और प्रदूषण से बढ़ता स्वास्थ्य जोखिम

सिम्स के डॉक्टरों का कहना है कि कोयले का खनन, परिवहन, दहन और फ्लाई ऐश का निपटान पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए संभावित रूप से जोखिमपूर्ण प्रक्रियाएं हैं। खासकर से 10 माइक्रोमीटर से छोटे कण (PM10) फेफड़ों, हृदय और रक्तप्रवाह पर गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं।

NFHS-5 में क्षेत्र में गंभीर बीमारियों और कुपोषण के संकेत

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) के आंकड़ों के अनुसार, इस क्षेत्र में वयस्कों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया और मलेरिया जैसी बीमारियां अधिक पाई जाती हैं। बच्चों में कुपोषण, बौनापन और एनीमिया की स्थिति भी चिंताजनक है। यह क्षेत्र जूनोटिक रोगों के प्रति भी संवेदनशील माना जाता है, जिनकी निगरानी कोविड-19 महामारी के बाद और महत्वपूर्ण हो गई है।

शोध के निष्कर्षों से स्वास्थ्य सुधार और नीति निर्माण को मदद

सिम्स प्रबंधन का मानना है कि यह शोध कार्यान्वयन आधारित अनुसंधान के रूप में किया जाएगा। इसके निष्कर्ष ग्रामीणों के स्वास्थ्य सुधार, पर्यावरणीय सुरक्षा सुनिश्चित करने और नीतिगत सुधारों के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शक सिद्ध होंगे।

स्वास्थ्य की योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति का कहना है कि सीपत ताप विद्युत परियोजना क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दीर्घकालिक प्रभावों को समझना हमारे लिए एक सामाजिक और वैज्ञानिक जिम्मेदारी है। यह अध्ययन ग्रामीण आबादी में छिपे स्वास्थ्य जोखिमों और पर्यावरणीय प्रभावों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के मुताबिक सिम्स का यह अध्ययन ग्रामीणों की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को उजागर करेगा और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, रोगों की रोकथाम तथा शीघ्र हस्तक्षेप रणनीतियां बनाने में बेहद सहायक सिद्ध होगा।

वहीं विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन डॉ. हेमलता ठाकुर की मानें तो यह रिसर्च न केवल स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करेगा, बल्कि सामाजिक-जन सांख्यिकीय कारकों, पर्यावरणीय जोखिमों और स्थानिक रोगों के आपसी संबंध को भी वैज्ञानिक रूप से उजागर करेगा।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button