विज्ञापन दें / सहयोग करें

सिटी-मजिस्ट्रेट ने सरकारी सामुदायिक भवन को ढहाने दिया आदेश: बिलासपुर में भू-माफिया ने सरकारी भवन की बेशकीमती जमीन को बताया पैतृक,बिल्डिंग तोड़ने के बाद FIR – Bilaspur (Chhattisgarh) News



छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भू-माफिया के साथ मिलकर अफसरों ने अजब-गजब कारनामा कर दिया। नेहरू नगर स्थित हाउसिंग बोर्ड की सामुदायिक संपत्ति को सिटी मजिस्ट्रेट ने प्राइवेट बताकर ढहाने का आदेश जारी कर दिया। राजस्व विभाग के अफसरों ने भी केवल भवन को जर्जर बताकर रिपोर्ट दे दिए। यह नहीं बताया कि भवन सरकारी है या निजी। जब आधी बिल्डिंग तोड़ दी गई, तब लोगों ने शिकायत की। इसके बाद आनन-फानन में भू-माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। दरअसल, नेहरू नगर में हाउसिंग बोर्ड ने सार्वजनिक उपयोग के लिए एक सामुदायिक भवन का निर्माण कराया था। इस भवन की बेसकीमती जमीन को देखकर कुदुदंड निवासी मोहम्मद अली की बुरी नीयत पड़ी। उसने इस सरकारी संपत्ति को अपना निजी मकान बताते हुए इसे ढहाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष आवेदन लगा दिया। इस मामले की सुनवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट रजनी भगत ने तहसीलदार और पटवारी से मौके की जांच कर प्रतिवेदन मांगा। पटवारी-तहसीलदार की भूमिका पर भी सवाल
जब पटवारी और तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट दी, उसमें सिर्फ यह लिखा था कि भवन काफी पुराना, जर्जर और क्रैक है। खिड़की-दरवाजे न होने से यहां असामाजिक तत्वों ने नशे का अड्डा बना लिया है। लेकिन, राजस्व अमले ने रिपोर्ट देते समय भवन के मालिकाना हक के दस्तावेजों की जांच करना जरूरी नहीं समझा। न ही यह बताया कि भवन सरकारी है या निजी संपत्ति। इस अधूरी रिपोर्ट को आधार बनाकर सिटी मजिस्ट्रेट ने बीएनएस की धारा 152 के तहत भवन को तोड़ने का सशर्त आदेश जारी कर दिया। वार्ड पार्षद ने पकड़ी गड़बड़ी, तब जागा विभाग
मजिस्ट्रेट का आदेश मिलते ही मोहम्मद अली ने धड़ल्ले से सरकारी सामुदायिक भवन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब भवन को ढहाया जा रहा था, तब वार्ड पार्षद कार्तिक यादव की नजर इस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना हाउसिंग बोर्ड के उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही गृह निर्माण मंडल के अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और चल रही तोड़फोड़ को रुकवाया, लेकिन तब तक भवन को काफी नुकसान पहुंच चुका था। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के निर्देश पर सब-इंजीनियर सन्नी घोरे ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरोपी मोहम्मद अली के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। 80 साल पुराना मकान बताकर कोर्ट को किया गुमराह
भू-माफिया मोहम्मद अली हाउसिंग बोर्ड के सामुदायिक भवन का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा तोड़ चुका है। वह भवन के खिड़की-दरवाजे तक निकाल कर ले गया है। मौके पर मलबे और छत से निकली लोहे की छड़ों का ढेर लगा है। आरोपी ने कोर्ट में प्रस्तुत आवेदन में दावा किया था कि कुदुदंड स्थित खसरा नंबर 362/73, रकबा 0.169 हेक्टेयर पर उसका करीब 80 साल पुराना मकान है। यह मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां से स्कूली बच्चे और राहगीर गुजरते हैं। भवन जर्जर होने के कारण कभी भी गिर सकता है और कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसी झूठे तर्क के जाल में कोर्ट को उलझाया गया। आदेश देने वाली मजिस्ट्रेट पहले भी विवादों में रही हैं
इस मामले में बिना दस्तावेज जांचे आदेश जारी करने वाली सिटी मजिस्ट्रेट रजनी भगत के खिलाफ अधिवक्ता संघ ने पहले मोर्चा खोला था। वकीलों ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे कि सिटी मजिस्ट्रेट अपने स्टाफ के माध्यम से प्रतिबंधात्मक धाराओं में जमानत देने के एवज में प्रति व्यक्ति 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगती हैं। आरोप था कि जो पैसे देता है, उसे ही जमानत मिलती है, जबकि बाकी लोगों को सारे वैध दस्तावेज होने के बावजूद जेल भेज दिया जाता है। इस मामले को लेकर वकीलों ने उग्र प्रदर्शन भी किया था।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button