हाईवे पर चिल्फी में एक सप्ताह से स्ट्रीट लाइट बंद – kabirdham News
भास्कर न्यूज | चिल्फी घाटी रायपुर–जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग- 30 पर स्थित चिल्फी क्षेत्र में पिछले लगभग एक सप्ताह से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हुई है। खासकर चिल्फी बाजार चौक से आरटीओ कार्यालय तक कई स्थानों पर लगी स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं। इससे रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। चिल्फी घाटी घने जंगल और घुमावदार पहाड़ी रास्तों से घिरा हुआ क्षेत्र है। ऐसे में सड़क पर रोशनी नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। रात में हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे कई बार अचानक वाहन की गति कम करनी पड़ती है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चिल्फी में कोई व्यवस्थित बस स्टैंड नहीं है। आसपास के गांव चिल्फी, साल्हेवारा, राजाढार और दुलदुला सहित अन्य वनांचल क्षेत्रों से आने वाले लोग राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करते हैं। स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण रात में यात्रियों को अंधेरे में ही सड़क किनारे खड़े रहना पड़ता है। इससे दुर्घटना और असुरक्षा की आशंका बनी रहती है। अव्यवस्था से महिलाओं को अधिक परेशानी हो रही ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। स्कूली छात्र, मजदूर, बाजार से लौटने वाले लोग और महिलाएं भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिन्हें अंधेरे के कारण काफी परेशानी होती है। वहीं जंगल क्षेत्र होने से जंगली जानवरों के अचानक सड़क पर आने का भी खतरा बना रहता है।
<











