स्क्रैप कारोबारी से डेढ़ लाख की रिश्वत मांगते GST अधिकारी अंचला गिरी गिरफ्तार, ACB ने की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए GST अधिकारी अंचला गिरी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर एक स्क्रैप कारोबारी से उसकी गाड़ी छुड़वाने के एवज में डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। ACB की टीम ने शनिवार को अधिकारी के घर पर छापा मारा और इस दौरान उनके घर के बाहर नाली में नोटों के बंडल भी बरामद किए गए।
यह कार्रवाई जगदलपुर ACB की टीम द्वारा की गई है। इस मामले में शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने ACB अधिकारियों से संपर्क कर GST अधिकारी अंचला गिरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। कारोबारी ने अपनी शिकायत में बताया था कि अधिकारी उनसे रिश्वत की मांग कर रही थीं।
मोहम्मद शोएब रंगरेज के अनुसार, यह घटना 18 नवंबर को हुई थी, जब उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। उन्होंने बताया कि गाड़ी में बिल होने के बावजूद उसे रोक लिया गया। कारोबारी का आरोप है कि अंचला गिरी GST विभाग में गाड़ी रोकने या कार्रवाई करने के लिए अधिकृत नहीं थीं, इसके बावजूद उन्होंने उनकी गाड़ी को रुकवाया।
कारोबारी ने बताया कि अधिकारी अंचला गिरी ने उनकी गाड़ी पर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाने की मांग की थी। जबकि गाड़ी में लोड किए गए माल की कुल कीमत मात्र 3 लाख रुपए थी। कारोबारी के मुताबिक, अधिकारी ने उन्हें गाड़ी जब्त करने और अन्य कानूनी कार्रवाई करने की धमकी भी दी थी।
मामले को निपटाने के लिए अधिकारी ने शुरू में 2 लाख रुपए की मांग की थी, जिसके बाद डेढ़ लाख रुपए में मामला सेटल करने की बात तय हुई। इस तयशुदा रकम में से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के तौर पर कटाने और शेष रकम अधिकारी के घर पहुंचकर देने की बात तय हुई थी।
ACB की जांच के दौरान इस रिश्वतखोरी के मामले में इमरान मेमन (30) की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि GST अधिकारी अंचला गिरी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के जरिए ही ली थी। इमरान मेमन कांकेर के संजयनगर का निवासी है।
ACB ने रिश्वत लेते हुए अंचला गिरी को रंगे हाथों गिरफ्तार करने के बाद उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही, इमरान मेमन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।












