जशपुर में 4 लाख रुपये का गांजा जब्त, राजकुमार दानी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 21.11.2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बंगुरकेला से 8.250 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी राजकुमार दानी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि दिनांक 20.11.2026 को थाना दुलदुला पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि ग्राम बंगुरकेला अखराडीपा निवासी राजकुमार दानी (उम्र 32 वर्ष) अपने घर में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपाकर रखा है और उसे बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
इस सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद, थाना दुलदुला पुलिस की टीम ने तत्काल मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में संदेही राजकुमार दानी के मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान, मकान के अंदर कमरे में रखी एक प्लास्टिक की बोरी से प्लास्टिक रैपर में बंधे कुल 08 पैकेट बरामद हुए।
गवाहों के समक्ष इन पैकेटों की जांच करने पर उनमें गांजा होना पाया गया। पुलिस द्वारा आरोपी राजकुमार दानी से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद, पुलिस ने आरोपी राजकुमार दानी को हिरासत में लेते हुए उसके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त कर लिया। जब्त किए गए गांजे का वजन करने पर वह कुल 8.250 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये है।
इस मामले में, आरोपी राजकुमार दानी के विरुद्ध थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 75/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है। आरोपी द्वारा अपना अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी दुलदुला उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र भगत सहित थाना दुलदुला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मामले के संबंध में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में, पुलिस ने थाना दुलदुला क्षेत्र में 8 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। मामले में अग्रिम कार्यवाही जारी है।











