विज्ञापन दें / सहयोग करें

महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, प्रमोटरों के खिलाफ पेश किए नए सबूत

महादेव ऐप भारत में सामने आए सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक है। इसके नेटवर्क को देश के बाहर से इसके प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल द्वारा चलाया जा रहा था।

छत्तीसगढ़ के महादेव सट्टेबाजी ऐप से जुड़े घोटाले के मामले में सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने 11 चार्जशीट दाखिल कर दी हैं। इन आरोप पत्रों में से भ्रष्टाचार के मामले में छह और अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े एक अलग मामले में पांच आरोपपत्र शामिल हैं। इस दौरान जांच एजेंसी ने छह आरोपियों के खिलाफ ‘प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988’ के तहत अपराध और IPC के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए हैं। ये आरोप पत्र असीम दास, रोहित गुलाटी, विकास छपरिया, अनिल धम्मानी, विशाल आहूजा और धीरज आहूजा के खिलाफ दाखिल किए गए हैं।

इसके अलावा सीबीआई ने महादेव घोटाले के मुख्य ‘मास्टरमाइंड’ और गिरोह के मुख्य सरगनाओं, सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ अतिरिक्त सबूत भी पेश किए, इन दोनों के खिलाफ पहले ही आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके थे।

इसके साथ ही एजेंसी ने महादेव ऐप से जुड़े एक अन्य मामले में भी 66 आरोपियों के खिलाफ पांच चार्जशीट दाखिल कीं। इनमें चंद्राकर और उप्पल के साथ विभिन्न सट्टेबाजी गिरोह (बेटिंग सिंडिकेट) के सदस्य भी शामिल हैं, जिनके जरिए अपराध से हुई कमाई का लेन-देन किया जाता था।

CBI की प्रेस रिलीज के अनुसार, ये चार्जशीट IPC और छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम के तहत अपराधों के लिए दाखिल की गईं हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, महादेव ऐप देश में सामने आए सबसे बड़े अवैध बेटिंग सिंडिकेट में से एक है, जिसे भारत के बाहर से चलाया जाता था।

सीबीआई के अनुसार, महादेव ऐप भारत में सामने आए सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक है। इस नेटवर्क को देश के बाहर से इसके प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल द्वारा चलाया जा रहा था। उन्होंने इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लाखों यूजर्स तक पहुंचाया और एक देशव्यापी नेटवर्क में बदल दिया।

एजेंसी का आरोप है कि यह गिरोह देश भर में गैर-कानूनी सट्टेबाजी के पैनल चलाता था, यूजर्स को जोड़ता था, सट्टेबाजी का काम करता था और इसके जरिए गैर-कानूनी तरीके से भारी मुनाफा कमाता था। आरोप है कि इस पैसे को विदेश भेजने से पहले ‘म्यूल अकाउंट्स’ (दूसरे के नाम पर खोले गए अकाउंट्स) के जाल के जरिए अवैध खातों में डाला जाता था और अंत में फंड को विदेश भेज दिया जाता था। अपराध से हुई इस मोटी कमाई का कुछ हिस्सा सरकारी अधिकारियों को ‘प्रोटेक्शन मनी’ के तौर पर दिया जाता था।

सीबीआई जांच में यह भी पता चला है कि महादेव ऐप के प्रमोटर और उनके कई अन्य सहयोगी कुछ साल पहले पश्चिम एशियाई देशों में भाग गए थे और वहीं से सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे हैं। विदेश भाग चुके चार मुख्य आरोपियों के खिलाफ पहले ही ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी किए जा चुके हैं और एजेंसियों ने उन्हें ‘भगोड़ा आर्थिक अपराधी’ घोषित करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

सीबीआई ने कहा कि इस सिंडिकेट के पूरे दायरे का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य सभी आरोपियों को सजा दिलाने के लिए आगे की जांच जारी है। जिसमें इस गिरोह को राजनीतिक और नौकरशाही संरक्षण देने वाले लोगों का पता लगाने से जुड़ीजांच भी शामिल है। CBI ने कहा कि भविष्य में और भी चार्जशीट दाखिल किए जाने की पूरी संभावना है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button