विज्ञापन दें / सहयोग करें

ASI के बेटे समेत चार गिरफ्तार: छात्रा से 14.50 लाख और 450 ग्राम सोने के जेवर ऐंठे

बिलासपुर में ASI के बेटे आयुष यादव ने चार दोस्तों संग मिलकर 17 साल की छात्रा को धमकाकर 14.50 लाख रुपए और 450 ग्राम सोने के जेवर ले लिए। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी फरार हैं।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक ASI के बेटे ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर 17 साल की छात्रा को ब्लैकमेल कर 14.50 लाख रुपए और 450 ग्राम सोने के जेवर वसूल लिए। आरोपियों ने पहले छात्रा से दोस्ती की, फिर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर करीब एक साल तक उससे पैसे और गहने लेते रहे।

मामला कैसे खुला

पुलिस को सूचना मिली थी कि आदर्श शर्मा और एक नाबालिग लगातार महंगे होटलों में फिजूलखर्ची कर रहे हैं और उनके पास बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को होटल से पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि आदर्श की हरकतों से परेशान होकर उसके पिता ने उसे घर से निकाल दिया था। पुलिस ने जब पैसों और गहनों के बारे में पूछा तो उनके एक परिचित 12वीं की छात्रा का नाम सामने आया।

दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग की वजह

जांच में पता चला कि छात्रा की पहले आरोपियों से दोस्ती हुई थी। आरोपियों ने उसका भरोसा जीतकर नजदीकियां बढ़ाईं। शुरुआत में छात्रा ने दोस्ती के कारण आर्थिक मदद की, लेकिन बाद में आरोपियों ने उसे जान से मारने, परिवार को नुकसान पहुंचाने और सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के कारण छात्रा बैंक खातों से पैसे निकालकर और घर के लॉकर से सोने के गहने निकालकर आरोपियों को देती रही।

रिटायर्ड अफसर ने पोती को सौंपा बैंक और लॉकर

छात्रा के दादा SECL के रिटायर्ड अफसर हैं। अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने बैंक खाते, एटीएम और लॉकर का संचालन पोती को सौंप रखा था। छात्रा इन्हीं खातों से पैसे निकालकर और लॉकर में रखे गहने चोरी-छिपे आरोपियों को देती रही। पुलिस ने रिटायर्ड अफसर से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने इसकी पुष्टि की।

चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

पुलिस ने ASI के बेटे आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपए नकद और एक एक्टिवा जब्त की गई है। फरार आरोपियों प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की तलाश जारी है।

शेयर मार्केट के नाम पर भी उठाया फायदा

शुरुआती जानकारी के मुताबिक छात्रा की शेयर मार्केट में निवेश करने में रुचि थी। आरोपियों ने इसी बहाने उससे संपर्क बढ़ाया और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

नेपाल घूमे, रोज करते थे महंगी पार्टियां

आरोपियों ने छात्रा से वसूली गई रकम को ऐशो-आराम में खर्च किया। इसी पैसे से वे नेपाल घूमने गए और आए दिन महंगी पार्टियां करते थे। एक पार्टी में 6 से 10 हजार रुपए तक खर्च किए जाते थे।

आदतन अपराधी है ASI का बेटा

मुख्य आरोपी आयुष यादव के पिता धर्मेंद्र यादव पुलिस विभाग में ASI हैं। आयुष के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गुंडागर्दी समेत आधा दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

समझौता के लिए छात्रा से लिए थे 2 लाख

आयुष यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि उस केस में समझौता कराने और मदद का झांसा देकर उसने छात्रा से करीब 2 लाख रुपए भी ले लिए थे। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

जन्मदिन मनाने होटल पहुंचा था आदर्श

आदर्श शर्मा रविवार को अपना जन्मदिन मनाने के लिए एक दोस्त के साथ होटल गया था। छात्रा ने उसे जन्मदिन पर सोने की चेन भी गिफ्ट की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपए कैश, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, मोबाइल फोन और एक्टिवा जब्त की है।

परिजनों की लापरवाही भी बड़ी वजह

करीब एक साल तक खातों से लाखों रुपए निकलते रहे और लॉकर से गहने आरोपियों तक पहुंचते रहे, लेकिन परिजनों को भनक तक नहीं लगी। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों को बैंकिंग या लॉकर की जिम्मेदारी देने के साथ नियमित निगरानी भी जरूरी है।

औने-पौने दाम में गिरवी रखे गहने

आरोपियों ने छात्रा से लिए गए सोने-चांदी के गहनों को पैसे हासिल करने के लिए औने-पौने दाम में गिरवी रख दिया। पुलिस यह पता लगा रही है कि गहने किन लोगों के पास गिरवी रखे गए हैं।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button