जशपुर जिला पंचायत में महिला बाल विकास विभाग अलग करने की माँगरखी — डीडीसी आशिका कुजूर
जशपुर। बुधवार को ज़िला पंचायत जशपुर की बैठक में अध्यक्ष श्री सालिक साय और पीठासीन अधिकारी अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू की अध्यक्षता में स्थायी समितियों का गठन किया गया। इस दौरान तीन समितियों — संचार एवं संकर्म, कृषि, और अन्य विभागों के सभापतियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शांति भगत को संचार एवं संकर्म विभाग, श्री वेदप्रकाश भगत को कृषि विभाग और श्री गेंदबिहारी को अन्य विभाग का सभापति बनाया गया।
बैठक में ज़िला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-2 से निर्वाचित युवा डीडीसी आशिका कुजूर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को शिक्षा विभाग से अलग करने की मांग की। आशिका ने कहा कि वर्तमान में महिला एवं बाल विकास और शिक्षा दोनों ही विभाग उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव के पास हैं, जबकि ज़िला पंचायत में इस बार 10 महिला डीडीसी निर्वाचित हुई हैं। ऐसे में महिला बाल विकास विभाग का नेतृत्व किसी महिला प्रतिनिधि को दिया जाना चाहिए, जिससे महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को बल मिल सके।
गौरतलब है कि जशपुर जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित सभी प्रमुख पद बीजेपी के खाते में निर्विरोध गए हैं। अब देखना यह है कि क्या संगठन महिला जनप्रतिनिधियों की इस मांग को तरजीह देता है या राजपरिवार का वर्चस्व बरकरार रहता है।










