विज्ञापन दें / सहयोग करें

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर घरघोड़ा अस्पताल परिसर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर घरघोड़ा अस्पताल परिसर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन

घरघोड़ा। गौरी शंकर गुप्ता :- विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के अध्यक्ष जितेन्द्र जैन और जिला अपर सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति घरघोड़ा अभिषेक शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में न्यायाधीश दामोदर प्रसाद चंद्रा एवं न्यायाधीश प्रीति झा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत में बीएमओ डॉ. सेतराम पैंकरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आधुनिकीकरण के दौर में शारीरिक ही नहीं, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य भी उतना ही आवश्यक है। आज तनावग्रस्त जीवनशैली लोगों को मानसिक बीमारियों की ओर धकेल रही है, इसलिए जरूरी है कि हम अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।

न्याय तक सबकी पहुँच हो – विधिक सेवा प्राधिकरण की जानकारी
अपने संबोधन में न्यायाधीश दामोदर प्रसाद चंद्रा ने उपस्थित जनसमूह को बताया कि हर नागरिक को निःशुल्क कानूनी सहायता पाने का अधिकार है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त में न्याय दिलाया जाता है। उन्होंने घरेलू हिंसा अधिनियम और महिला अधिकारों की जानकारी भी साझा की। साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को जीवन का जरूरी हिस्सा बताया और योग एवं स्वच्छ जीवनशैली को अपनाने की सलाह दी।

विश्व स्वास्थ्य दिवस की महत्ता पर प्रकाश
न्यायाधीश प्रीति झा ने “विश्व स्वास्थ्य दिवस” का ऐतिहासिक महत्व बताते हुए कहा कि 7 अप्रैल 1948 को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना हुई थी, जिसके बाद 1950 से यह दिवस प्रत्येक वर्ष स्वास्थ्य जागरूकता के लिए मनाया जाता है। उन्होंने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूक रहने और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

लोक अदालत की जानकारी भी दी गई
शिविर के दौरान आगामी लोक अदालत की जानकारी भी दी गई, जो 10 मई को आयोजित होने वाली है। इसमें सिविल वाद, पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, श्रमिक मामले, संपत्ति बंटवारा, बीमा, बिजली जैसे आपसी सहमति योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन डॉ. पैंकरा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर अस्पताल के डॉक्टर, नर्स, पूरा स्टाफ, पैरालीगल वालंटियर बालकृष्ण चौहान, लवकुमार चौहान, केशव साहू, मितानिन कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button