विज्ञापन दें / सहयोग करें

प्रेमिका की हत्या के बाद आरोपी ने बेटे को बताई वारदात, फिर किया आत्महत्या का प्रयास

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 51 वर्षीय एक शादीशुदा व्यक्ति ने अपनी 45 वर्षीय प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी प्रेमिका को उसके दूसरे प्रेमी के साथ देख लिया था, जिसके बाद हुए विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और घर लौट आया। दो दिन बाद, उसने अपने बेटे को हत्या की बात बताई और फिर खुद जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। फिलहाल आरोपी का कोरबा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बुधवार को महिला का शव बरामद किया है। यह मामला बलौदा थाना क्षेत्र के पंतोरा चौकी इलाके का है।

जानकारी के अनुसार, अंगारखार गांव की रहने वाली धनेश्वरी बाई (45) की शादी के कुछ समय बाद ही उनके पति का निधन हो गया था। धनेश्वरी अपने बच्चों के साथ रह रही थीं। इसी गांव का निवासी शिवचरण यादव (51) भी शादीशुदा है। धनेश्वरी और शिवचरण के बीच प्रेम संबंध थे।

रविवार को शिवचरण ने धनेश्वरी को उसके दूसरे प्रेमी के साथ देख लिया। इस बात को लेकर तीनों के बीच जमकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान धनेश्वरी का दूसरा प्रेमी वहां से चला गया।

दूसरे प्रेमी के जाने के बाद, गुस्से में शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी। हत्या के बाद, उसने धनेश्वरी के शव को नल के पास झाड़ियों में छिपा दिया और अपने घर लौट गया।

घटना के बाद धनेश्वरी दो दिनों तक अपने घर और गांव में दिखाई नहीं दीं। इस पर उनके परिजन और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला, तो गांव में एक बैठक बुलाई गई। बैठक में ग्रामीणों ने शिवचरण पर संदेह जताया और उसे बुलाकर धनेश्वरी के बारे में पूछताछ की। हालांकि, शिवचरण ने उस समय कुछ भी जानने से इनकार कर दिया और वहां से अपने घर लौट गया।

पुलिस के मुताबिक, घर लौटने के बाद शिवचरण ने अपने बेटे दुर्गेश यादव को बताया कि उससे एक गलत काम हो गया है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है। यह बात बताने के बाद, वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने शिवचरण की तलाश शुरू की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। उसने जहर खा लिया था। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया।

शिवचरण द्वारा जहर खाने के मामले की जानकारी जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से पंतोरा चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शिवचरण से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या करने और उसके शव को नल के पास झाड़ियों में छिपाने की बात कबूल कर ली।

आरोपी के कबूलनामे के बाद, बुधवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झाड़ियों से धनेश्वरी का शव बरामद किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button