विज्ञापन दें / सहयोग करें

हनुमान प्रसंग का हवाला देकर प्रदीप गौर बोले- ‘जय श्रीराम’ नारों से हो आतंकी का गर्भपात

रायपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की कार्यकर्ता कार्यशाला में राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘जय श्रीराम’ के नारे इतनी जोर से लगाएं कि जिस महिला के गर्भ में आतंकवादी पल रहा हो, उसका गर्भपात हो जाए।

प्रदीप गौर ने अपने बयान के समर्थन में हनुमान जी के लंका जाने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने दावा किया कि जब हनुमान जी लंका पहुंचे थे, तब उनके ‘जय श्रीराम’ के नारों की गूंज से राक्षसनियों के गर्भ में पल रहे बच्चों का गर्भपात हो गया था। इसी प्रसंग का जिक्र करते हुए उन्होंने कार्यशाला में मौजूद कार्यकर्ताओं से भी जोरदार नारे लगाने की अपील की और उनसे ‘जय श्रीराम’ के नारे लगवाए।

यह कार्यशाला सोमवार को विमतारा भवन में आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। ये सभी हिंदू संगठन से जुड़े हुए थे। इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया भी उपस्थित थे।

डॉ. प्रवीण तोगड़िया 23 नवंबर से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। उनके दौरे के पहले दिन वे रायपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल हुए। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करना था।

बैठक के दौरान, हाल ही में शुरू की गई हिंदू हेल्पलाइन और हनुमान चालीसा केंद्रों की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। तोगड़िया ने इन पहलों की प्रगति और उनके प्रभाव का जायजा लिया।

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया ने इस अवसर पर संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को हिंदू समाज को सुरक्षित, समृद्ध और संगठित बनाने की शपथ दिलाई।

शपथ में कहा गया कि हिंदू समाज ने हजारों वर्षों के संघर्ष में अत्याचार, हिंसा, लूट और विस्थापन का गहरा दर्द सहा है। विशेष रूप से कश्मीर में हिंदुओं को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। इतिहास से सीख लेते हुए, अब हिंदू समाज को संगठित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया गया है। शपथ के माध्यम से देश के हर गांव, शहर और गली-मोहल्ले के हिंदू परिवार को संगठन से जोड़ने की बात कही गई।

शपथ में यह भी स्पष्ट किया गया कि संगठन का उद्देश्य केवल लोगों को जोड़ना नहीं है, बल्कि हर हिंदू परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनना है। जरूरत के समय सहयोग करना और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करना संगठन का प्राथमिक दायित्व होगा।

तोगड़िया ने इस दौरान कहा कि वे एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए काम करेंगे, जहां हर परिवार को सम्मान मिले, युवाओं को नौकरी और रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें, और सभी परिवार रोगमुक्त व खुशहाल हों। इसके साथ ही, हर हफ्ते मंगलवार और शनिवार को परिवार और समाज के लोगों के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करने का संकल्प भी लिया गया, ताकि आपसी एकता, सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत किया जा सके।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button