विज्ञापन दें / सहयोग करें

ई-चालान और बढ़े परिवहन शुल्क पर कांग्रेस का प्रदर्शन: दुर्ग में कांग्रेस ने कहा- एक ही वाहन के कई बार कट रहे चालान, आम जनता पर बढ़ रहा बोझ – durg-bhilai News



ई-चालान में गड़बड़ी और परिवहन सेवाओं के बढ़े शुल्क को लेकर दुर्ग शहर कांग्रेस ने गुरुवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग की व्यवस्था से आम लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं RTO ने कहा कि जिन मामलों में लगातार चालान की शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें मुख्यालय भेजा गया है और जल्द ही हेल्पडेस्क शुरू कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
दुर्ग शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कुछ समय से लगातार लोगों की शिकायतें सामने आ रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा शिकायत ई-चालान को लेकर है। कांग्रेस का कहना है कि कई मामलों में एक ही व्यक्ति के वाहन का एक ही जगह पर बार-बार चालान काटा गया। बार-बार एक ही व्यक्ति का कट रहा चालान
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि इससे पहले भी ई-चालान को लेकर परिवहन विभाग को ज्ञापन दिया गया था। उस समय विभाग की ओर से कहा गया था कि अगर किसी व्यक्ति का एक ही जगह पर बार-बार चालान कट रहा है तो उसका समाधान निकाला जाएगा और हेल्पडेस्क बनाई जाएगी। लेकिन अब तक ऐसी कोई व्यवस्था शुरू नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुलगांव इलाके में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां स्थानीय लोगों के वाहन आने-जाने के दौरान एक ही दिन में दो-दो और तीन-तीन बार चालान कट गए। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने गलत तरीके से चालान कटने की शिकायत भी की थी। कांग्रेस ने कहा परिवहन सेवाओं की बढ़ाई फीस
कांग्रेस ने परिवहन सेवाओं की बढ़ी हुई फीस को भी मुद्दा बनाया। ज्ञापन में कहा गया कि लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, वाहन ट्रांसफर, वेरिफिकेशन और अन्य सेवाओं के शुल्क बढ़ने से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है। पार्टी ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या स्थिति बनी कि कई सेवाओं के शुल्क पहले से डेढ़ गुना या दोगुना तक कर दिए गए। धीरज बाकलीवाल ने कहा कि RTO अधिकारी ने 7 से 10 दिन के भीतर समाधान निकालने का भरोसा दिया है। अगर लोगों की परेशानी कम नहीं हुई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। इन मामलों को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
• मोटरसाइकिल के नए रजिस्ट्रेशन का शुल्क ₹150 से बढ़ाकर ₹200 कर दिया गया है।
• कार के नए रजिस्ट्रेशन का शुल्क ₹500 तक कर दिया गया है।
• पुरानी मोटरसाइकिल के वेरिफिकेशन/मार्किंग शुल्क को ₹100 से बढ़ाकर ₹300 कर दिया गया है।
• पुरानी कार के मार्किंग शुल्क को ₹500 कर दिया गया है।
• ट्रक के मार्किंग शुल्क के नाम पर ₹1000 तक लिए जा रहे हैं।
• पुरानी मोटरसाइकिल के ट्रांसफर शुल्क को ₹400 से बढ़ाकर ₹800 कर दिया गया है।
• बड़े वाहनों के ट्रांसफर शुल्क को ₹1000 से बढ़ाकर ₹2500 कर दिया गया है।
• कार के ट्रांसफर शुल्क को ₹600 से बढ़ाकर ₹1000 कर दिया गया है। सुधार की प्रक्रिया जारी है, शिकायतों की करेंगे जांच
वहीं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मृत्युंजय पटेल ने कहा कि लगातार चालान की शिकायतों की जानकारी मुख्यालय को भेजी गई है और उस पर सुधार की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि कार्यालय स्तर पर हेल्पडेस्क शुरू करने की तैयारी की जा रही है, जहां लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंच सकेंगे। एक ही वाहन के बार-बार चालान कटने के सवाल पर RTO ने कहा कि अगर वाहन के दस्तावेज जैसे पीयूसी, बीमा या फिटनेस अपडेट नहीं हैं और वाहन बार-बार कैमरे की निगरानी वाले रास्ते से गुजरता है तो सिस्टम चालान जारी करता रहेगा। उन्होंने लोगों से अपने दस्तावेज समय पर अपडेट रखने की अपील की। अवैध वसूली के आरोपों पर RTO अधिकारी ने कहा कि ज्ञापन में जो शिकायतें दी गई हैं, उनकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button