विज्ञापन दें / सहयोग करें

क्या घरघोड़ा के तालाब इतिहास बनने की कगार पर हैं?

अवैध कब्जों की चपेट में शहर की जल संस्कृति, प्रशासन उदासीन

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)।

“जल ही जीवन है”—यह कहावत अब केवल नारा बनकर रह गई है, खासकर तब जब घरघोड़ा जैसे कस्बों में पानी के परंपरागत स्रोत, विशेषकर तालाब, तेजी से खत्म हो रहे हैं। गर्मी की दस्तक के साथ ही शहरवासियों की जल पर निर्भरता बढ़ जाती है, लेकिन जल संरक्षण के लिए जिम्मेदार प्रशासन की आंखें अब भी मूंदी हुई हैं।

घरघोड़ा क्षेत्र के कई प्राचीन तालाब अब अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। इनमें से अधिकांश तालाबों पर अतिक्रमणकारियों ने कब्जा जमा लिया है। हालात यह हैं कि कई तालाबों का बड़ा हिस्सा अब निजी उपयोग के दायरे में आ गया है और मूल स्वरूप धूमिल होता जा रहा है।

तालाबों के सूखते स्वरूप से बढ़ रही निस्तारी संकट
शहर की बढ़ती आबादी और औद्योगिक विस्तार ने पानी की मांग को कई गुना बढ़ा दिया है। वहीं, जल स्रोतों का संरक्षण नहीं होने से आपूर्ति और मांग के बीच का फासला हर दिन चौड़ा होता जा रहा है। शहरवासी अब पेयजल और निस्तारी के लिए नगर पंचायत के बोरवेल और टेप नलों के भरोसे हैं, जो कभी समय पर आते हैं तो कभी सूखे नल छोड़ जाते हैं।

तरण-तारिणी तालाब – एक उदाहरण, जिसे बचाना जरूरी
शहर का तरण-तारिणी तालाब जल प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है, लेकिन इस जैसे तालाबों की उपेक्षा ने पूरे शहर को पेयजल संकट की ओर धकेल दिया है। जबकि इन जल स्रोतों को स्वच्छ कर संरक्षित किया जाए, तो यह जल संकट से निपटने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

प्रशासन की लापरवाही – संस्कृति पर हमला
तालाब केवल जल स्रोत नहीं, हमारी सांस्कृतिक धरोहर भी हैं। ये सामाजिक, धार्मिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। लेकिन विडंबना यह है कि स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता ने इन्हें नजरअंदाज कर दिया है। गहरीकरण और सफाई जैसे बुनियादी कार्य वर्षों से नहीं हुए, जिससे इनका प्राकृतिक स्वरूप खोता जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्थिति, पर कब तक?
शहर की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों के सहारे निस्तारी की सुविधा आज भी काफी हद तक बनी हुई है। ग्रामीण प्रतिदिन औसतन 10 गुना कम जल उपयोग करते हैं, जो तालाबों के संरक्षण के चलते संभव हो पाया है। लेकिन यदि यही हालात रहे, तो ये ग्रामीण तालाब भी जल्द ही अतिक्रमण और सूखने की कगार पर पहुंच सकते हैं।

समय रहते चेतना जरूरी
यदि समय रहते प्रशासन और समाज ने तालाबों की सफाई, गहरीकरण और अतिक्रमण हटाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो शहर में जल संकट और गहराएगा। साथ ही एक पूरी पीढ़ी इन परंपरागत जल स्रोतों को केवल किताबों में पढ़ने को मजबूर होगी।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button