घरघोड़ा बाजार में जाम, पटाखा दुकानों में गाइडलाइंस शून्य — त्योहारी भीड़ में प्रशासन की चौकसी सिर्फ दिखावा!
घरघोड़ा। (गौरीशंकर गुप्ता) दिवाली के ठीक पहले घरघोड़ा का बाजार रौनक से ज्यादा अव्यवस्था और लापरवाही की तस्वीर बन गया है। पुलिस-प्रशासन की “कड़ी चौकसी” के दावे जमीनी हकीकत में पूरी तरह फेल नजर आ रहे हैं। जयस्तंभ चौक से लेकर धरमजयगढ़ और लैलूंगा रोड तक घंटों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी गाड़ियां, परेशान लोग और नदारद पुलिस — यह दृश्य हर शाम बाजार में आम बात हो चुकी है।
धनतेरस के दिन भी सुबह से लेकर शाम तक कई बार जाम की स्थिति बनी रही। लोग अपनी गाड़ियों से उतरकर खुद रास्ता साफ करते दिखे। थाना घरघोड़ा के सामने तक अव्यवस्था फैली रही, लेकिन पुलिस की सक्रियता कुछ मिनटों की औपचारिक गश्त तक सीमित रही।
🔥 पटाखा दुकानों में खुलेआम लापरवाही — किसी बड़े हादसे का इंतज़ार?
त्योहारी बाजार में सबसे खतरनाक स्थिति पटाखा दुकानों की है। अस्थायी तंबुओं और प्लास्टिक की छतों के नीचे खुलेआम पटाखों की बिक्री हो रही है। न सुरक्षा दूरी का पालन, न अग्निशमन के कोई इंतज़ाम, और न ही फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था। ऐसे ज्वलनशील माहौल में आग लगने की स्थिति में बड़ा हादसा टलना मुश्किल है।
लाइसेंस और सुरक्षा गाइडलाइंस के तहत चलने वाली दुकानों में नियमों का नामोनिशान नहीं है। नगर प्रशासन और पुलिस की ओर से न कोई जांच की जा रही है, न सख्त कार्रवाई। नागरिकों का कहना है — “एक चिंगारी पूरे बाजार को राख में बदल सकती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।”
⚠️ प्रशासनिक दावे हवा में, जनता बेहाल
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि त्योहारों पर प्रशासन सिर्फ बयानबाज़ी और औपचारिकता निभाने में व्यस्त रहता है। जाम के कारण स्कूली वाहनों, एंबुलेंस और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं पटाखा दुकानों में सुरक्षा इंतज़ामों की कमी से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
लोगों का सवाल है — “क्या पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ कागज़ों तक सीमित है? क्या हर बार हादसे के बाद ही जागेगा प्रशासन?”
घरघोड़ा का त्योहारी बाजार आज रौनक से ज्यादा अव्यवस्था, लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता का प्रतीक बन गया है।

&w=390&resize=390,220&ssl=1)








