कोंडागांव में बाइक के नाम पर ठगी: ग्रामीणों से लाखों की धोखाधड़ी, आधार-पैन का दुरुपयोग कर कराया फर्जी फाइनेंस – Kondagaon News
कोंडागांव पुलिस ने ग्रामीणों से ठगी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कम दाम में नई बाइक दिलाने का झांसा देते थे। उन्होंने न केवल ग्रामीणों से नकद रकम वसूली, बल्कि उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक दस्तावेज का उपयोग कर उनकी जानकारी के बिना वाहनों की फाइनेंसिंग भी करा दी। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले का खुलासा 22 मार्च 2026 को हुआ, जब जैतपुरी निवासी बसमन नेताम ने कोंडागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कोकोड़ी निवासी सुखधर पोयाम (36) और बनियागांव निवासी जयन्तो हलदार नाइक (27) खुद को वाहन उपलब्ध कराने वाला बताकर क्षेत्र के लोगों को सस्ते दाम में बाइक दिलाने का भरोसा दे रहे थे। कई ग्रामीण बने शिकार आरोपियों ने कई ग्रामीणों से बाइक दिलाने के नाम पर हजारों रुपए की ठगी की। जांच में सामने आया कि राजकुमार मरकाम से 65 हजार रुपए, संतुराम से 75 हजार रुपए, लायकराम से 80 हजार रुपए, खेमसिंह से 65 हजार रुपये और नवलसिंह से 85 हजार रुपए सहित कई अन्य लोगों से भी रकम वसूली गई। ठगी की कुल राशि लाखों रुपये में पहुंच गई है। आधार-पैन लेकर फर्जी हस्ताक्षर से कराया वाहन फाइनेंस जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ग्रामीणों से उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो जमा कराते थे। इसके बाद उनके हस्ताक्षरों की कूटरचना कर उनके नाम पर वाहन फाइनेंस करा लिए जाते थे। पीड़ितों को इन फाइनेंसिंग की कोई जानकारी नहीं दी जाती थी, जबकि आरोपियों ने उनसे ली गई नकद रकम भी अपने पास रख ली। बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, आरोपियों ने कबूला जुर्म कोंडागांव थाने में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
<










