महादेव सट्टा मामले में ईडी ने निशांत पिट्टी के खिलाफ दाखिल किया आरोप-पत्र, 59.6 करोड़ के शेयर अटैच

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ईजमाय ट्रिप के सह-संस्थापक निशांत पिट्टी के खिलाफ 10 सितंबर को आरोप-पत्र दाखिल किया है। पांचवीं पूरक अभियोजन शिकायत में ईडी ने पिट्टी के 59.6 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर भी अस्थायी रूप से अटैच किए हैं। एजेंसी ने इन्हें अपराध से अर्जित आय बताते हुए अदालत से जब्ती की अनुमति मांगी है।
ईडी का आरोप है कि पिट्टी ने दुबई में रहने वाले स्काई एक्सचेंज के संचालक हरिशंकर टिबरेवाल के साथ मिलकर सट्टे से हासिल रकम को विदेशी पोर्टफोलियो निवेश के जरिए भारतीय शेयर बाजार में लगाने और अलग-अलग स्तरों पर घुमाने में मदद की। एजेंसी के मुताबिक, पिट्टी और टिबरेवाल कारोबारी सहयोगी थे।
ईडी ने आरोप लगाया है कि ईजमाय ट्रिप प्लानर्स लिमिटेड के प्रवर्तकों की ओर से शेयरों की कीमत पहले से तय कर सौदे किए गए। इसके जरिए कंपनी के शेयर भाव और बाजार पूंजीकरण को कृत्रिम रूप से बढ़ाने का प्रयास किया गया। एजेंसी ने दोनों पक्षों के कारोबारी संबंधों के समर्थन में 2022 में भारत में आयोजित एक क्रिकेट सीरीज की स्पॉन्सरशिप का भी उल्लेख किया है। इसमें ईजमाय ट्रिप और स्काई एक्सचेंज सह-प्रायोजक थे। हालांकि, कंपनी पहले महादेव सट्टा एप या किसी अन्य सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध होने से इनकार कर चुकी है।
इस पूरक आरोप-पत्र में ईबीआईएक्स समूह के अध्यक्ष विकास गर्ग समेत कुल 42 लोगों और कंपनियों को आरोपी बनाया गया है। ईडी का आरोप है कि गर्ग और उनसे जुड़ी कंपनियों को हरिशंकर टिबरेवाल से संबंधित कंपनियों से 765.77 करोड़ रुपए मिले। एजेंसी के मुताबिक, इस रकम का इस्तेमाल अमेरिकी कंपनी ईबीआईएक्स इंक के अधिग्रहण में किया गया।
ईडी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 1885 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की गई है। छह आरोप-पत्रों में कुल 116 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले में ईडी और सीबीआई की जांच जारी है।
महादेव बुक के प्रमोटर और मूलतः भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर को भारत लाने की कोशिश पिछले तीन माह से चल रही है, लेकिन अब तक प्रत्यर्पण का रास्ता साफ नहीं हो पाया है। सौरभ को ओमान पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उसे मस्कट के अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उसे भारत लाने के लिए ईडी ने अर्जी दी है। विदेश मंत्रालय के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं।
पिछले डेढ़ साल में यह तीसरा मौका है, जब सौरभ विदेश में पकड़ा गया है। इससे पहले रवि उप्पल और शुभम सोनी को भी भारत लाने के प्रयास हुए, लेकिन विदेश में पकड़े गए महादेव सट्टा मामले के किसी प्रमुख आरोपी को अब तक भारतीय एजेंसियां देश नहीं ला सकी हैं। एजेंसियों की लगातार कार्रवाई के बावजूद ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क सक्रिय है। जांच एजेंसियों के आकलन के मुताबिक, सौरभ और उसके सहयोगियों से जुड़े अवैध सट्टा कारोबार का आकार 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक बताया गया है।











