विज्ञापन दें / सहयोग करें

रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के युवकों पर जुल्म का आरोप, परिवार का दावा- खाने में थूककर देते हैं मांस, सेना में शामिल होने को मजबूर

छत्तीसगढ़ के दो युवक रूस में नौकरी के नाम पर फंस गए हैं। उनके परिवारों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्हें वहां प्रताड़ित किया जा रहा है, झूठे ड्रग्स के मामलों में फंसाया जा रहा है और रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इन युवकों में रायपुर के टिकेश्वर साहू (38) और बिलासपुर के विनीत कुमार (21) शामिल हैं। विनीत की बहन आशी दुबे ने आरोप लगाया है कि उन्हें खाने में गाय और सूअर का मांस दिया जा रहा है और खाने में थूक दिया जाता है ताकि वे उसे खा न सकें। विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता है।

परिवारों का आरोप है कि युवकों को ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसाकर हिरासत में लिया गया है। उनसे कहा जा रहा है कि या तो 15 से 20 साल जेल में रहो या रूसी सेना में शामिल हो जाओ। बिलासपुर के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे ने एक वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने रूस में भारतीयों को नौकरी के नाम पर फंसाने और बंदूक दिखाकर प्रताड़ित करने की बात कही है।

बिल्हा के विनीत कुमार दुबे (21) नौकरी की तलाश में 1 अक्टूबर को रूस गए थे। उनकी बहन आशी दुबे के अनुसार, उन्हें टेलीग्राम के माध्यम से नौकरी का प्रस्ताव मिला था। उन्हें रूस में एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करने की बात बताई गई थी। नौकरी का प्रस्ताव देने वालों ने ही उनके टिकट और वीजा का इंतजाम किया था। रूस पहुंचने के बाद विनीत ने परिवार को इसकी जानकारी दी। कुछ दिनों बाद उन्होंने अपनी बहन से कहा कि वे वापस भारत आना चाहते हैं और उन्हें कुछ पैसों की जरूरत पड़ सकती है। बहन ने 70 से 75 हजार रुपए भेजने की बात कही, लेकिन विनीत ने कहा कि जब जरूरत होगी तब बताएंगे। इसके बाद उनसे संपर्क टूट गया।

बाद में एक अज्ञात युवक ने परिवार से संपर्क कर बताया कि विनीत पर नारकोटिक्स यानी ड्रग्स का केस लगा है और उन्हें सेना में जाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। वकील की व्यवस्था के नाम पर एक अज्ञात नंबर से 7 लाख रुपए की मांग की गई। परिवार ने यह रकम नहीं दी। इसके बाद 27 अक्टूबर को विनीत के पिता के पास फोन आया कि विनीत ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनकर पिता को दिल का दौरा पड़ गया। हालांकि, इसके बाद विनीत ने खुद अपनी बहन से संपर्क किया और आत्महत्या की खबर को गलत बताया। बहन आशी दुबे का दावा है कि विनीत ने वीडियो के माध्यम से वहां की परिस्थितियां बताई हैं।

रूस में फंसे बिल्हा के विनीत दुबे ने वीडियो में भारत सरकार से मदद मांगी है। वीडियो में वह बता रहे हैं कि कई भारतीयों को नौकरी के नाम पर रूस बुलाया जा रहा है। वहां पहुंचने पर एयरपोर्ट के पास कुछ लोग उन्हें लेने आते हैं और फिर काम के बारे में जानकारी दी जाती है। विनीत ने आरोप लगाया है कि मना करने पर बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी दी जाती है। उनका आरोप है कि टेलीग्राम पर नौकरी का ऑफर दिया गया था, जिसके बाद भारतीयों को ड्रग्स के मामलों में फंसाया जा रहा है और बाद में रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वीडियो में विनीत ने यह भी कहा है कि वहां भारतीयों के अलावा दूसरे देशों के नागरिक भी इसी तरह की परेशानी झेल रहे हैं, जिनमें नौकरी करने गए लोगों के साथ-साथ छात्र और पर्यटक भी शामिल हैं। उन्होंने भारत सरकार से सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।

रायपुर के गुढ़ियारी श्रीनगर निवासी मनोरमा साहू के पति टिकेश्वर साहू (38) सेल्स एंड मार्केटिंग में 17 साल का अनुभव रखते हैं और करीब 10 साल पहले दुबई में भी नौकरी कर चुके हैं। उन्हें भी टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का प्रस्ताव मिला था, जिसमें अच्छा पैकेज बताया गया था। कंपनी ने दिल्ली से मॉस्को और फिर वोल्गोग्राद तक का टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात कही थी। टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को रूस के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि वे पहले इंटरव्यू देकर नौकरी को समझेंगे, काम पसंद आया तो रुकेंगे, नहीं तो 23 सितंबर की वापसी टिकट से भारत लौट आएंगे।

16 सितंबर के बाद टिकेश्वर से अचानक संपर्क बंद हो गया। परिवार को लगा कि नेटवर्क या काम की वजह से बात नहीं हो पा रही होगी। 22 अक्टूबर को रूस के एक नंबर से कॉल आया। पत्नी मनोरमा के मुताबिक, दूसरी तरफ टिकेश्वर थे और उनके पीछे कुछ लोग मौजूद थे। टिकेश्वर का चेहरा सूजा हुआ था और वे रो रहे थे। उन्होंने बताया कि रूसी पुलिस ने उन्हें ड्रग्स के केस में फंसा दिया है और उन्हें 15 से 20 साल की सजा होने की बात कही जा रही है। मनोरमा ने बताया कि, बाद में उन्होंने रूस में पढ़ने गए छात्रों से संपर्क किया और एक वकील हायर किया। उनके जरिए पता चला कि टिकेश्वर को वोल्गोग्राद में हिरासत में रखा गया है।

वकील जब टिकेश्वर से मिलने पहुंचती थीं तो कभी उनके वहां नहीं होने तो कभी दूसरी वजह बताकर मुलाकात नहीं कराई जाती थी। 25 अक्टूबर को मुलाकात होने पर टिकेश्वर ने बताया कि 22 अक्टूबर से उनकी तबीयत खराब है। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका की समस्या है, लेकिन परिवार का आरोप है कि उनकी नियमित दवाइयां भी नहीं दी जा रहीं। मनोरमा का कहना है कि, जब उनकी वकील ने वहां जाकर पूछा कि टिकेश्वर को किस जगह और किन परिस्थितियों में गिरफ्तार किया गया, उनके पास से क्या मिला, और गिरफ्तारी व एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे, लेकिन परिवार के मुताबिक ये उपलब्ध नहीं कराए गए। पत्नी मनोरमा का आरोप है कि टिकेश्वर पर ड्रग्स का केस चलाने की धमकी देकर उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

दोनों परिवारों का कहना है कि, उन्होंने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाई है। भारतीय और रूसी दूतावास को भी ईमेल भेजे गए हैं। परिजनों का आरोप है कि अब तक उन्हें ऐसी ठोस जानकारी नहीं मिली है, जिससे युवकों की सुरक्षा और भारत वापसी को लेकर भरोसा मिल सके। मनोरमा साहू का कहना है कि, उनकी दो बेटियां हैं और परिवार में बुजुर्ग सास-ससुर भी हैं। वहीं आशी दुबे के परिवार में पिता की तबीयत खराब रहती है। उनकी मांग है कि भारत सरकार विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के माध्यम से रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के इन युवकों का पता लगाए, उनकी कानूनी मदद और सुरक्षा सुनिश्चित कर उन्हें जल्द भारत वापस लाया जाए।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button