जशपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव: बीजेपी की बढ़त, कुनकुरी में कांग्रेस का कब्जा
जशपुर :- जशपुर जिले में हुए नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बढ़त बनाई है, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने विधानसभा क्षेत्र की कुनकुरी नगर पंचायत की सीट नहीं बचा सके। यहां कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील सीट ने जीत दर्ज की।
जिले की कुल पांच नगर निकायों में से तीन पर बीजेपी ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस ने दो स्थानों पर कब्जा जमाया। ताजा नतीजों के अनुसार, जशपुर नगर पालिका, बगीचा नगर पंचायत और पत्थलगांव नगर पंचायत में बीजेपी ने बहुमत हासिल किया। वहीं, कुनकुरी नगर पंचायत और कोतबा नगर पंचायत में कांग्रेस ने जीत दर्ज की।
कुनकुरी को लेकर मुकाबला बेहद दिलचस्प और हाई-प्रोफाइल रहा। इस हॉट सीट पर प्रचार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोनों पहुंचे थे। बावजूद इसके, मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र की इस सीट को नहीं बचा सके, और कांग्रेस ने यहां जीत दर्ज कर बीजेपी को बड़ा झटका दिया।
बीजेपी इस जीत को अपनी संगठनात्मक मजबूती और सरकार की नीतियों का नतीजा बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे जनता के विश्वास की जीत मान रही है। इस चुनावी नतीजे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।










