कलेक्टर जनदर्शन में अवैध रेत उत्खनन, पटवारी पर गंभीर आरोप: माइनिंग अफसरों को कार्रवाई के निर्देश, नशाखोरी-रिश्वतखोरी की शिकायतों पर दिए तुरन्त जांच के आदेश – Bilaspur (Chhattisgarh) News
बिलासपुर कलेक्टर ने जनदर्शन में मंगलवार को अवैध रेत उत्खनन, पटवारी द्वारा नशाखोरी और रिश्वतखोरी सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर शिकायतें पहुंचीं। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बिल्हा के सरवनदेवरी गांव की सरपंच ने नदी में हो रहे अवैध रेत उत्खनन की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उत्खनन के कारण नदी में गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे जान का खतरा हो सकता है। कलेक्टर ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उप संचालक खनिज प्रशासन को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नशा और रिश्वतखोरी करता है पटवारी
इसी तरह, बिल्हा तहसील के ग्राम खैरखुंडी की सरपंच ने पटवारी रामफल वस्त्रकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सरपंच ने आरोप लगाया कि पटवारी अक्सर नशे की हालत में रहता है और राजस्व संबंधी छोटे-छोटे कार्यों के लिए ग्रामीणों से बड़ी रकम की मांग करता है। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। एसडीएम को दिए निर्देश
जनदर्शन में बेलगहना तहसील के ग्राम केंदाडांड निवासी गेंददास ने अपनी समस्या बताई। उन्होंने कहा कि उनकी जमीन दो वर्ष पहले नहर निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी, लेकिन उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को इस प्रकरण की जांच कर तत्काल मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। अधिकारीयों को दिए जांच के आदेश
अन्य शिकायतों में, नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 56 निवासी शिवनाथ मिश्रा ने दो माह से निराश्रित पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को तत्काल कार्रवाई करने को कहा। मस्तूरी जनपद पंचायत के ग्राम भनेसर में कार्यरत रोजगार सहायक के विरुद्ध भी शिकायत मिली, जिसमें फर्जी हाजिरी लगाने और आवास के लिए ग्रामीणों से राशि वसूलने का आरोप लगाया गया। कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायत सीईओ को शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए।
<










