विज्ञापन दें / सहयोग करें

सीएम साय बोले-रामगढ़ ऐतिहासिक धरोहर,विश्व पटल पर दिलाएंगे नई पहचान: हसदेव को लेकर बोले-उद्योगपति पेड़ काटेंगे तो ज्यादा लगाएंगे, रामगढ़ को कुछ नहीं होगा – Ambikapur (Surguja) News



रामगढ़ महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रामगढ़ की पवित्र भूमि प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ आस्था, इतिहास और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने बताया कि वेदों, पुराणों और उपनिषदों जैसे कई प्राचीन ग्रंथों में रामगढ़ का उल्लेख मिलता है, जिससे इसकी ऐतिहासिक महत्ता पता चलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ को दुनिया में नई पहचान दिलाई जाएगी। रामगढ़ से लगे हसदेव जंगल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को यह गलतफहमी नहीं रखनी चाहिए कि इससे केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पेड़ काटे जाएंगे, तो उसके बदले उससे ज्यादा पेड़ लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नेशनल हाईवे का उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क बनाने के लिए जमीन की जरूरत होती है, वह आसमान में नहीं बन सकती। रामगढ़ में रामायण की जीवंत स्मृतियां दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि मान्यता है कि त्रेतायुग में वनवास के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने इस भूमि पर समय व्यतीत किया था। सीताबेंगरा गुफा आज भी श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा रामगढ़ की हवाओं और शिलाओं में रामायण की स्मृतियां जीवंत हैं। रामगढ़ क्षेत्र की गुफाएं और शिल्प विश्व धरोहर: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ने कहा कि सीताबेंगरा गुफा भारत की सबसे पुरानी नाट्यशालाओं में से एक मानी जाती है, जहां हजारों साल पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक होते थे। वहीं जोगीमारा गुफा अपनी प्राचीन भित्ति चित्र कला के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। हाथीपोल जैसी प्राकृतिक सुरंग और यहां के प्राचीन शिल्प हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाकवि कालिदास द्वारा ‘मेघदूतम्’ की रचना इसी क्षेत्र में किए जाने का उल्लेख मिलता है, जिससे रामगढ़ का साहित्यिक महत्व और भी बढ़ जाता है। रामगढ़ के विकास के लिए 1 करोड़ की घोषणा मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां की संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित हो सकें। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के विकास के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम को पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषिमंत्री रामविचार नेताम ने भी संबोधित किया। हसदेव में कोल खनन से रामगढ़ को खतरा नहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि रामगढ़ से लगे हसदेव क्षेत्र में कोयला खनन से रामगढ़ को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को यह गलत धारणा नहीं रखनी चाहिए कि इससे केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ का 44 प्रतिशत हिस्सा वनों से ढका हुआ है, जो राज्य की प्राकृतिक संपदा को दर्शाता है। सीएम ने कहा कि राज्य में कैम्पा योजना के तहत वन विभाग लगातार बड़े पैमाने पर पेड़ लगा रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और कैम्पा योजना के तहत राज्य में 2.5 प्रतिशत अतिरिक्त क्षेत्र में वृक्षारोपण किया जा चुका है। उद्योग लगाने के लिए पेड़ कटाई पर नई नीति: सीएम मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की उद्योग नीति के अनुसार, अगर कोई उद्योग लगाने के लिए पेड़ काटता है, तो उसे उसके बदले उससे कहीं ज्यादा पेड़ लगाने होते हैं। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के लिए कई बार पेड़ काटना जरूरी हो जाता है। जैसे नेशनल हाईवे 43 को चौड़ा करने के लिए पेड़ काटने ही होंगे, क्योंकि सड़कें आसमान में नहीं बन सकतीं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाने वालों को नसीहत दी कि वे पहले राज्य की उद्योग नीति और विकास की आवश्यकताओं को अच्छी तरह समझें, उसके बाद ही कोई बयानबाजी करें। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा शमा
रामगढ़ महोत्सव के समापन अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों ने लोकनृत्य, नाटक व गीत-संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दीं। समापन समारोह में विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, शकुंतला पोर्ते, उद्देशवरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, अध्यक्ष पुरातात्विक डॉ एम कालीमुथु सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button