छत्तीसगढ़ में ISI का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त! जांजगीर-चांपा से पंजाब का संदिग्ध गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर पाक-सऊदी अरब से जुड़े थे तार
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। किराएदार सत्यापन अभियान के दौरान अकलतरा पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
आरोपित के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है।
सत्यापन के दौरान व्यवहार संदिग्ध मिलने पर जांच में खुली पोल
जिले में चलाए जा रहे किराएदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित विजय केडिया के एक मकान में बाहरी राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी किराएदारों का सत्यापन किया। इसी दौरान सेवक सिंह का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पूछताछ में उसने स्वयं को पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र का निवासी बताया, लेकिन उसके जवाबों में कई विरोधाभास सामने आए।
संदेह गहराने पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें विदेशी नंबरों से लगातार संपर्क के प्रमाण मिले। आरोपित के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 एवं 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
जेएसडब्ल्यू पावर कंपनी में करता था मजदूरी का काम
थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि आरोपित सेवक सिंह अकलतरा में स्थित जेएसडब्ल्यू पावर लिमिटेड कंपनी में मजदूरी का काम करता था। वह अभी तीन महीने पहले ही अकलतरा आया था। इससे पहले वह एनटीपीसी सीपत में काम करता था।
पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क
पुलिस के अनुसार आरोपित सेवक सिंह के मोबाइल फोन से पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य देशों के कई मोबाइल नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से विदेशी नागरिकों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपित संवेदनशील सूचनाएं एकत्र कर विदेश में बैठे अपने संपर्कों तक पहुंचा रहा था। इनमें महत्वपूर्ण व्यक्तियों की गतिविधियां, प्रमुख स्थानों की लोकेशन, वाहनों के नंबर, फोटो और वीडियो जैसी जानकारियां शामिल हो सकती हैं।
मोबाइल फोन से मिले महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य
पुलिस ने आरोपित सेवक सिंह के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल दस्तावेज मिले हैं। इन सभी सामग्रियों को फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है। विशेषज्ञों द्वारा डिजिटल डाटा का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपित किन-किन लोगों के संपर्क में था और उसके नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है।
हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की आशंका
पुलिस जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपित सेवक सिंह को पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि हथियार मिलने के बाद उसे विशेष लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही निकाला जाएगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय का मानना है कि आरोपित की गतिविधियां देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती थीं। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
वर्तमान में पुलिस, साइबर विशेषज्ञों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम आरोपी के विदेशी संपर्कों, संभावित सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जिले में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।- विजय कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक, जांजगीर चांपा
Source link









