सरगुजा में बुजुर्ग महिला की खून से लथपथ मिली लाश: हत्या की आशंका, पति काम से बाहर गया था, गले-चेहरे पर मिले चोट के निशान – Ambikapur (Surguja) News
सरगुजा के ग्राम बेलदगी में पति के साथ रह रही बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थिति में खून से लथपथ लाश घर पर मिली है। महिला का पति कहीं गया था। सुबह काम करने वाली युवती घर में आई तो उसने शव पड़ा देखा और सूचना परिचितों को दी। महिला के गले, चेहरे और हाथ में चोट के निशान मिले हैं। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह बुजुर्ग महिला लक्ष्मी लकड़ा (65) का खून से लथपथ शव घर में पड़ा मिला। लक्ष्मी लकड़ा अपने पति बैजनाथ के साथ रहती थी। किसी काम से बैजनाथ लकड़ा कहीं गए हुए थे और रात में लक्ष्मी घर में अकेली थी। सुबह घर में काम करने के लिए रानी कछार की युवती तेरेसा तिग्गा को रखा गया था। सुबह तेरेसा तिग्गा घर पहुंची तो उसने लक्ष्मी का शव पड़ा देखा। हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने घर में पहुंचकर शव का निरीक्षण किया। मृतका लक्ष्मी लकड़ा के गले, चेहरे और कपनटी के साथ हाथ में चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जांच में पता चला कि तेरेसा जब घर में पहुंची तो घर खुला हुआ था। घटना की सूचना मृतका के भतीजे आशीषित तिग्गा ने थाने में दी। बुजुर्ग दंपती का एक पुत्र पुलिस आरक्षक है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
<










