रायपुर में 2 जून को होगी जिला तैराकी चयन प्रतियोगिता: राज्य टीम ट्रायल के लिए चुने जाएंगे खिलाड़ी, इंटरनेशनल स्विमिंग में पहुंचना होगा – Raipur News
छत्तीसगढ़ राज्य तैराकी संघ की ओर से आगामी 7 जून को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय तैराकी टीम चयन प्रतियोगिता के लिए रायपुर जिले की टीम का चयन 2 जून को किया जाएगा। यह प्रतियोगिता रायपुर के इंटरनेशनल स्विमिंग पूल, जी.ई. रोड में आयोजित होगी। राज्य तैराकी संघ के अनुसार 7 जून, रविवार को एक दिवसीय राज्य तैराकी टीम चयन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें 14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सीनियर बालक और बालिका तैराक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के आधार पर राज्य टीम का गठन किया जाएगा। इसी क्रम में रायपुर जिले के तैराकों के चयन के लिए 2 जून, मंगलवार को सुबह 11 बजे से जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता रखी गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक तैराकों को सुबह 10:30 बजे तक इंटरनेशनल स्विमिंग पूल पहुंचकर रिपोर्ट करना होगा। आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। चयनित तैराक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
<











