रायगढ़ में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: 61 किलो गांजा, 3 कारें और नकद जब्त
रायगढ़। (गौरीशंकर गुप्ता) रायगढ़ जिले के लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से गांजा लाकर बेचने वाले दो अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों गिरोहों से जुड़े एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 61 किलो गांजा, तीन कारें, सात मोबाइल फोन (जिसमें एक आईफोन), एक हाथ घड़ी और 1.80 लाख रुपये नकद सहित कुल 46 लाख 36 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल को सीमावर्ती ओडिशा के बौध जिले से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में टीम ने संदिग्धों पर नजर रखी।
13 मई को दोपहर में सूचना मिलने पर पुलिस ने पाकरगांव के जंगल मार्ग में रेड की। इस दौरान दो कारों में सवार चार तस्करों में से एक आरोपी पुरेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य तस्कर फरार हो गए।
पुरेन्द्र यादव गिरोह
गिरफ्तार पुरेन्द्र यादव ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह अपने गिरोह के सदस्यों रितेश यादव, युगल यादव और यदुमणि यादव के साथ उड़ीसा से गांजा लेकर आया था। तस्करी में प्रयुक्त कारों में ग्लेंजा (CG-14–MO-8202) और स्वीफ्ट (CG-10-AT-6949) शामिल थीं। आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 128/2025 के तहत कार्यवाही की गई है।
दिनेश यादव गिरोह
एक अन्य गिरोह से जुड़े दिनेश यादव को भी लैलूंगा पुलिस ने गिरफ्तार किया। दिनेश ने बताया कि उसने 1 मार्च को अपने साथियों केशव यादव और नत्थू यादव के साथ मिलकर उड़ीसा से 60 किलो गांजा लाया था। इसमें से 17 किलो गांजा खुद रखा और शेष गांजा गिरधारी यादव और नत्थू यादव को बेचने के लिए दिया।
लैलूंगा पुलिस ने 8 मार्च को केशव और नत्थू को 22 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी दिनेश यादव के पास से 1.80 लाख रुपये नकद, वेन्यू कार (OD-15-R-4047), छह मोबाइल और एक हाथ घड़ी बरामद की गई है।
जब्त संपत्ति का ब्यौरा:
- गांजा: 61 किलो (कीमत ₹6,10,000)
- नकद: ₹1,80,000
- वाहन: तीन कारें (स्वीफ्ट, ग्लेंजा, वेन्यू)
- मोबाइल फोन: 7 (जिसमें एक आईफोन)
- एक हाथ घड़ी
- कुल अनुमानित मूल्य: ₹46,36,000
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के कुशल निर्देशन के साथ डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव, उपनिरीक्षक चंद्र कुमार सिंगार, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेश पटेल और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आरोपी विवरण:
- पुरेन्द्र यादव (18 वर्ष) – हरदीझरिया, थाना बागबहार, जिला जशपुर
- दिनेश यादव (20 वर्ष) – सिहारधार, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
(दोनों पर NDPS एक्ट की धारा 20B, 29 के तहत कार्यवाही)
आगे की कार्रवाई
फरार तस्करों की तलाश जारी है। पुलिस ने विश्वास जताया है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












