जांजगीर-चांपा में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, आरक्षक सस्पेंड
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चांपा थाना पुलिस की हिरासत में 30 वर्षीय शिव सहिस की मौत हो गई। मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस को बुधवार दोपहर चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने उसके घर से पकड़ा था। उस पर 20 लीटर देशी शराब रखने का आरोप था।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे पहले बीडीएम अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के बाद गुरुवार सुबह 6 बजे जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजनों और बड़ी संख्या में लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर शिव के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था।
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने मामले में आरक्षक ईश्वरी राठौर को लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर सस्पेंड कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क ने बताया कि शिव सहिस के खिलाफ पूर्व में भी अपराध दर्ज रहे हैं। शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों सहित यह उसका चौथा मामला बताया गया है। बुधवार को उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई थी और रिमांड की प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।













