सारंगढ़ में कार बचाने के प्रयास में ट्रेलर पलटा: ड्राइवर घायल, बड़ा हादसा टला; मार्ग पर आवागमन बाधित – sarangarh News
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में एक ट्रेलर वाहन पलट गया। यह घटना ग्राम पंचायत छिर्रा और टुण्डरी के मुख्य मार्ग पर स्थित एक मोड़ के पास हुई। कार को बचाने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया।
.
हादसे में ट्रेलर चालक एम डी तुफैर (35 वर्ष, निवासी बिहार) के हाथ में गंभीर चोट आई है। हालांकि, इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया था, जिसे ग्रामीणों ने सुव्यवस्थित किया। बिलाईगढ़ पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।
कार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
ड्राइवर एमडी तुफैर ने बताया कि वह ट्रेलर वाहन (CG 10 BS 9618) में रायगढ़ के एनटीपीसी से ईंट बनाने में इस्तेमाल होने वाला रबीस लोड कर शिवरीनारायण जा रहे थे। टुण्डरी से पहले मोड़ पर सामने से आ रही एक कार को बचाने के चक्कर में उनका वाहन पलट गया।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने गाड़ी के अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को उचित इलाज के लिए भेजा गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टुण्डरी से पहले स्थित यह मोड़ दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। यहां लगातार हादसे होते रहते हैं। पिछले एक माह में इस मोड़ पर करीब छह दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
इन दुर्घटनाओं में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन कई लोग घायल हुए हैं। बाहर के राज्यों और अन्य जिलों से आने वाले चालक अक्सर इस खतरनाक मोड़ को समझ नहीं पाते, जिससे वे हादसे का शिकार हो जाते हैं।
<











