विज्ञापन दें / सहयोग करें

छत्तीसगढ़ की धार्मिक नगरी का हुआ ‘प्रमोशन’, लोगों में खुशी और जश्न का माहौल

राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है, क्योंकि स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों को मिल सकेगा।

छत्तीसगढ़ सरकार ने गरियाबंद जिले की धार्मिक नगरी राजिम के नागरिकों द्वारा लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर नगर पालिका कर दिया है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी। जिसमें बताया गया कि राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नवगठित नगर पालिका की सीमाएं होंगी। सरकार के इस निर्णय से राजिम में शहरी विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।

उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने से राजिम के सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी। इससे सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे।

उपमुख्यमंत्री ने बताए नगर पालिका बनने के फायदे

साव ने कहा कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंच सकेगा। राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

योजनाओं का फायदा अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचेगा

इस बारे में जानकारी देते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘राजिम नगर पंचायत की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी कर नगर पालिका के रूप में उन्नयन किया है। इससे नगर में विकास कार्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार बेहतर ढंग से हो सकेगा। राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचेगा। इस बड़ी सौगात के लिए समस्त राजिमवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।’

क्या नगर पालिका बनने से सीमाएं भी बदल जाएंगी?

उधर छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क विभाग ने राजिम के नगर पालिका बनने की जानकारी देते हुए बताया कि ‘सुशासन सरकार की एक और बड़ी सौगात, राजिम बना नगर पालिका। राज्य शासन ने राजिमवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।’ विभाग ने बताया कि राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नवगठित नगर पालिका की सीमाएं होंगी।

13 से 18 जुलाई तक होगा HPV टीकाकरण

एक अन्य खबर के अनुसार छत्तीसगढ़ में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से धमतरी जिले में सोमवार से 18 जुलाई तक विशेष ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण सप्ताह शुरू किया गया है। अभियान के तहत 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क HPV टीका लगाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर लगाया गया HPV टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। उन्होंने सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।

जिला कलेक्टर ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि HPV टीका पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न देने तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों के परामर्श पर अपनी 14 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण कराने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने इस बारे में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने की अपील की है, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक टीके से वंचित न रहे।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button