छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का अनूठा पहल: सैकड़ों लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित निःशुल्क भव्य स्वास्थ्य परीक्षण शिविर ने क्षेत्र में लोकहितकारी पहल का एक नया उदाहरण पेश किया। नगर में पहली बार पत्रकारों द्वारा आयोजित इस शिविर में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने रक्त जांच, शुगर चेकअप, ब्लड प्रेशर, नेत्र और दंत जांच सहित आयुर्वेद और होम्योपैथी परामर्श प्रदान किए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के सैकड़ों महिला, पुरुष, बच्चे और दिव्यांगजन इस शिविर में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि विधायक लालजीत सिंह राठिया, वरिष्ठ समाजसेवी महेंद्र चौधरी और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान की। अनुविभागीय अधिकारी रमेश कुमार मोर और खंड चिकित्सा अधिकारी एस.आर. पैंकरा ने शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष ने भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया। शिविर की सफलता में मितानिन दीदियों का विशेष योगदान रहा, जिन्हें विधायक राठिया ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के उद्देश्य को भी पूरा किया। आयोजन को सफल बनाने में संघ के जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और समस्त पत्रकारों की सराहनीय भूमिका रही।













