आतंकी हमले में दिवंगत 26 नागरिकों की स्मृति में जशपुरनगर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
जशपुर :- राष्ट्र के मस्तक पर हुए आतंकी हमले में दिवंगत हुए 26 नागरिकों की स्मृति में जशपुरनगर के जय स्तम्भ चौक पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व जशपुर के पत्रकारों ने किया, जिसमें नगर के विभिन्न वर्गों से जुड़े सैकड़ों नागरिकों ने सहभागिता कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा के दौरान जनसमूह ने मोमबत्तियाँ जलाकर और पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगतों को नमन किया। सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। शनिवार कि रात 8 बजे मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में वक्ताओं ने दिवंगत नागरिकों की स्मृति को नमन करते हुए कहा कि यह घटना देशवासियों को एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देती है। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी वर्ग और विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि हम दिवंगत आत्माओं के सम्मान में एकजुट रहेंगे और उनका सम्मान बनाए रखेंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, पार्षद प्रभा शर्मा, कंचन बैरागी, शेलेन्द्री यादव, विनोद निकुंज, वरिष्ठ अधिवक्ता रामप्रकाश पांडे, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सहस्त्रांशु पाठक, अनोज गुप्ता, उर्मिला भगत, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह, डाइट प्राचार्य एम जेड यू सिद्दीकी, वी जे खान, कलीमुल्लाह मालिक, व्यापारी आनंद गुप्ता, रवि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।










