“अपराधियों में खौफ और जनता में विश्वास होगा” — घरघोड़ा के नव पदस्थ थानेदार हर्षवर्धन सिंह वैश का ऐलान
घरघोड़ा। गौरी शंकर गुप्ता ✍️
घरघोड़ा थाना क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ नव पदस्थ थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह वैश ने अपना कार्यभार संभालते ही कड़ा संदेश दिया है। आज छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ द्वारा आयोजित प्रथम पत्रकार वार्ता में श्री वैश ने स्पष्ट कहा कि अब क्षेत्र में अपराध, बालू चोरी, दलाली और नशीले पदार्थों की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य करने का तरीका अब बदलेगा। आम जनता के सहयोग से घरघोड़ा को अपराध मुक्त क्षेत्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के भय, दबाव या दलाली की संस्कृति को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस अब निष्पक्ष और प्रभावी रूप से कार्य करेगी, और अपराधियों में पुलिस का खौफ नजर आएगा।
बालू चोरी के संबंध में थाना प्रभारी ने कहा कि खनिज विभाग और राजस्व विभाग के सहयोग से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। “मेरे कार्यकाल में बालू माफिया को बख्शा नहीं जाएगा,” उन्होंने दोहराया।
यातायात व्यवस्था पर बोलते हुए श्री वैश ने कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने के लिए अभिभावकों को पहले समझाइश दी जाएगी, और इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। शहर के तीनों प्रमुख मार्गों पर नो एंट्री के बोर्ड लगाए जाएंगे।
नशीले पदार्थों पर विशेष ध्यान देने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना उनकी प्राथमिकता है। नशे की लत से अपराधों में बढ़ोतरी होती है, और इसे रोकने के लिए सख्त अभियान चलाया जाएगा। साथ ही अवैध शराब कारोबार पर भी निरंतर कार्यवाही की जाएगी।
थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह वैश ने कहा कि वे पहले भी घरघोड़ा थाना संभाल चुके हैं और इस क्षेत्र को भलीभांति जानते हैं। उन्होंने जनता, पत्रकारों, मीडिया और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें, जिससे घरघोड़ा को एक सुरक्षित और अपराधमुक्त क्षेत्र बनाया जा सके।
“मेरे लिए पुलिसिंग केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है,” उन्होंने अपने वक्तव्य में जोड़ा।











