पिज्जा देने पहुंचे डिलीवरी ब्वॉय ने ग्राहक को पीटा: लोकेशन गलत देने की बात बोलकर चाभी, लात-घूंसे मारे; जान से मारने की दी धमकी – Raipur News
राजधानी के कोटा इलाके में ऑनलाइन फूड ऑर्डर करना एक युवक को भारी पड़ गया। पिज्जा डिलीवर करने पहुंचे दो युवकों ने लोकेशन सही नहीं बताने का आरोप लगाते हुए ग्राहक के साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने युवक के सिर पर चाबी से हमला किया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का नाम पुलिस द्वारा लोकेश्वर सिंह ठाकुर बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला सरस्वती नगर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित लोकेश्वर सिंह ठाकुर ने पुलिस में शिकायत की है। शिकायतकर्ता के अनुसार रविवार रात करीब 12:30 बजे उन्होंने डोमिनोज से दो बॉक्स पिज्जा ऑर्डर किया था। डिलीवरी ब्वॉय ने लोकेशन पूछने के लिए फोन किया, लेकिन उसे रास्ता समझ नहीं आया। फोन पर ही दोनों के बीच हल्की बहस हुई, जिसके बाद दो डिलीवरी ब्वॉय उनके घर पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, जैसे ही पीड़ित ने पिज्जा लेकर पेमेंट किया, दोनों डिलीवरी ब्वॉय भड़क गए। उन्होंने कहा, “तुमने गलत लोकेशन दी, हमें परेशान किया।” देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि डिलीवरी ब्वॉय ने मां-बहन की गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लात-घूंसों और हाथ में पकड़ी गाड़ी की चाबी से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के चिल्लाने पर मोहल्लेवाले इकट्ठा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस केस दर्ज, आरोपियों की तलाश पीड़ित घटना के बाद आमानाका थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है जिनसे डिलीवरी के लिए कॉल आया था। साथ ही फूड डिलीवरी कंपनी से आरोपियों की जानकारी मांगी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात बोली है।
<











