शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का आरोप: परिजनों ने थाने में शिकायत की, बोले- बाकी छात्राओं के साथ भी कर चुका है – Surajpur News
सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में 11वीं की नाबालिग छात्रा ने अपने शिक्षक पर अश्लील बातें करने और छेड़खानी का आरोप लगाया है। छात्रा के परिजनों ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के पिता के अनुसार, हरकेश जायसवाल नामक शिक्षक उनकी बेटी को आए दिन परेशान करता था। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षक पहले भी कई अन्य छात्राओं के साथ ऐसा व्यवहार कर चुका है। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। इस मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है और जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल, भटगांव पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
<











