विज्ञापन दें / सहयोग करें

राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव ने की केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात

पहाड़ी कोरवा, महिला सुरक्षा और केंद्रीय योजनाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

जशपुरनगर, 29 मई। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश, विशेषकर जशपुर जिले में महिला सुरक्षा, बाल विकास और पहाड़ी कोरवा जनजाति से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा की।

प्रियंवदा जूदेव ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि जशपुर जिले में विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा निवास करती है, जिन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री दिलीप सिंह जूदेव ने जीवनभर कार्य किया। अब उनके कार्यों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने बताया कि पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्रों में अतिरिक्त पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने और प्ले स्कूल की तर्ज पर आंगनबाड़ी केंद्रों को विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल संभव हो सकेगी, साथ ही उन्हें शिक्षा से भी जोड़ा जा सकेगा।

महिला सुरक्षा पर चर्चा के दौरान जूदेव ने बताया कि राज्य के हर पुलिस थाने में महिला हेल्प डेस्क का संचालन हो रहा है। साथ ही आपात स्थिति में सहायता के लिए ‘सखी सेंटर’ भी संचालित किए जा रहे हैं। स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट प्रशिक्षण भी समय-समय पर दिया जा रहा है।

केंद्रीय योजनाओं की प्रगति पर बात करते हुए जूदेव ने बताया कि सुपोषण अभियान और वजन तिहार जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित मानिटरिंग और पोषण आहार की व्यवस्था की जा रही है। गर्भवती व शिशुवती माताओं की देखभाल केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार की जा रही है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और आश्वासन दिया कि जशपुर सहित राज्य के किसी भी हिस्से में केंद्रीय योजनाओं के संचालन में सहायता की आवश्यकता होने पर वह तत्काल संज्ञान लेंगी।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Check Also
Close
Back to top button