सरगुजा में प्लास्टिक वेस्ट से बन रही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क: डामरीकरण में प्लास्टिक वेस्ट के उपयोग से बढ़ेगी मजबूती, प्लास्टिक प्रोसेसिंग यूनिट से सप्लाई – Ambikapur (Surguja) News
सरगुजा जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन की दिशा में नवाचार किया गया है। जिले में अब प्लास्टिक वेस्ट का उपयोग प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए किया जा रहा है। जिले के मैनपाट क्षेत्र में पहली ऐसी प्रयोगात्मक सड़क का निर्माण किया गया है, जिसमें बिटुमिन (डामर) के साथ प्लास्टिक कचरे का मिश्रण किया जा रहा है। सरगुजा जिले के बतौली ब्लॉक अंतर्गत सुवारपारा में स्थित प्लांट में गिट्टी और डामर के मिश्रण में प्लास्टिक वेस्ट मिलाया जा रहा है, ये प्लास्टिक वेस्ट स्वच्छ भारत मिशन के तहत हो रहे कचरा कलेक्शन से एकत्र किए गए हैं, जिन्हें दरिमा स्थित MRF सेंटर से पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा खरीदा जाता है। सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार इसका उपयोग सड़क निर्माण में कर रहे हैं। प्लास्टिक वेस्ट से बढ़ेगी सड़कों की ड्यूरेबिलिटी
प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना के ईई विकास कौशिक ने बताया कि अभी वेस्ट प्लास्टिक का यूज़ नवाचार के रूप में कर रहे हैं। डामरीकरण की ओजीपीसी लेयर में डामर के अनुपात में 8 प्रतिशत वेस्ट प्लास्टिक मिक्स करते हैं। इससे बनी सड़क की ड्यूरेबिलिटी बढ़ती है और उसकी सर्विस लाइफ में भी बढ़ोतरी देखी गई है। वर्तमान में शासन के द्वारा प्लास्टिक वेस्ट की कीमत 25 रुपये किलो निर्धारित किया गया है। एक किलोमीटर सड़क में 500 किलो प्लास्टिक वेस्ट
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया की जिले में स्थित प्लास्टिक प्रोसेसिंग इकाई एमआरएफ सेंटर के प्लास्टिक वेस्ट को पीएमजीएसवाई की एक सड़क में यूज किया गया है। लगभग एक किलोमीटर की सड़क में 500 किलो प्लास्टिक वेस्ट यूज़ किया गया है। आगामी दिनों में अन्य सड़कों में प्लास्टिक वेस्ट यूज होगा। प्लास्टिक वेस्ट बना आय का जरिया
प्लास्टिक वेस्ट पूर्व में शहर और पर्यावरण के लिए एक मुसीबत हुआ करता था। अब वही कचरा कमाई का साधन बन चुका है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत काम कर रही समूह की महिलाएं इस वेस्ट से पैसे कमा रही हैं। प्लास्टिक वेस्ट को पहले बाजार में 15 से 20 रुपये किलो का ही रेट मिल पाता था, लेकिन जिला प्रशासन के प्रयास से सड़क निर्माण के लिए इस प्लास्टिक वेस्ट को 25 रुपये किलो खरीदा जाएगा। इससे महिलाओं की आमदनी भी बढ़ेगी।
<










