विज्ञापन दें / सहयोग करें

रायपुर में युवती से 6.30 लाख की ठगी: टेलीग्राम में टास्क पूरा करने दिया ऑफर, फिर 20 किश्तों में पैसे ट्रांसफर कराए – Raipur News

राजधानी रायपुर में वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर एक युवती से 6.30 लाख रुपए की ठगी हुई है। शांति नगर इलाके में रहने वाली प्रीति एक निजी कंपनी की मैनेजर है।

.

ठगों ने पहले रेटिंग देने के नाम पर भरोसा जीता और फिर मोटी कमाई का लालच देकर 20 किश्तों में पैसे ट्रांसफर कराए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिविल लाइन थाना इलाके का है।

ठग इस तरह से मैसेज भेजकर देते है झांसा। (फाइल फोटो)

अब पढ़िए क्या है पूरा मामला

दरअसल, शांति नगर निवासी पीड़िता प्रीति तांडी (38) निजी कंपनी में मैनेजर है। 12 मार्च को उसके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें घर बैठे ‘स्टार रेटिंग’ देकर रोजाना 5 से 8 हजार रुपए कमाने का ऑफर दिया गया। प्रीति ने जैसे ही सहमति दी, उन्हें मयूरी कांशी नाम की महिला के टेलीग्राम चैनल से जोड़ दिया गया।

ट्रायल में 180 रुपए देकर जीता भरोसा

शुरुआत में ठगों ने ‘ट्रेनिंग’ के नाम पर प्रीति को कुछ लिंक भेजे और रेटिंग देने को कहा। पहले दिन उनके खाते में 180 रुपए क्रेडिट किए गए। इसके बाद उन्हें ‘टीचर’ आध्या सोनी के टेलीग्राम ग्रुप में भेजा गया।

वहां उन्हें बताया गया कि उनका बैलेंस 10,000 रुपए हो गया है, लेकिन इसे निकालने के लिए 800 रुपए जमा करने होंगे। प्रीति ने 800 रुपए दिए तो उन्हें तुरंत 1040 रुपए वापस मिल गए। इसी छोटे मुनाफे के लालच में वह ठगों के जाल में फंसती चली गईं।

उधारी लेकर जमा किए पैसे, ठगों ने कहा- ‘नहीं तो पुराना भी डूबेगा’

ठगों ने प्रीति को 13 मार्च से 16 मार्च के बीच लगातार नए टास्क दिए। जब उन्होंने पैसे खत्म होने की बात कही, तो ठगों ने डराना शुरू कर दिया कि अगर और पैसे जमा नहीं किए, तो पिछला निवेश भी वापस नहीं मिलेगा। प्रीति ने उधारी लेकर इशिता नामदेव, श्रवण कुमार और कौशिक बाछर जैसे अलग-अलग नामों के बैंक खातों में लाखों रुपए जमा किए।

भाई को दी जानकारी, तब खुला राज

जब ठगों ने 4.50 लाख रुपए की और मांग की, तब प्रीति ने अपने भाई कालीदास को पूरी बात बताई। भाई ने तुरंत भांप लिया कि यह साइबर फ्रॉड है। इसके बाद पीड़िता ने साइबर सेल और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सिविल लाइन पुलिस मामले में केस दर्ज करके जांच कर रही है।

आरोपियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार- टीआई

इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि, पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। टेलीग्राम आईडी और मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button