तेज रफ्तार बस ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर घायल
जशपुर : सन्ना थाना क्षेत्र में ढाकनपानी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में मदन कोरवा नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुधन कोरवा और बुधराम कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़ाकोना निवासी मदन कोरवा, कुचिकोना निवासी बुधन कोरवा और धवाईपानी निवासी बुधराम कोरवा सन्ना साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहे थे। उसी दौरान अंबिकापुर से एकम्बा की ओर जा रही शमीम बस ने ढाकनपानी के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घायलों को तत्काल निजी वाहन से सन्ना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही सन्ना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
यह घटना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित गति और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।










